मनेंद्रगढ़। सुशासन तिहार के शिविर में शिकायत के बाद कोरिया जिले की जिल्दा समिति, खड़गंवा में खाद वितरण से जुड़े गबन प्रकरण में प्रभारी शाखा प्रबंधक एवं नोडल अधिकारी कोरिया कल्लु प्रसाद मिश्रा को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया है।
सुशासन तिहार में की गई थी शिकायत
यहां आयोजित शिविर में खाद वितरण में अनियमितता और गबन की शिकायतें सामने आने के बाद मामले की जांच की गई। जांच में कार्यवाही के प्रति गंभीर लापरवाही उजागर होने पर मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने सख्त रुख अपनाते हुए जिम्मेदार अधिकारियों पर तत्काल कार्रवाई के निर्देश दिए।
मुख्यमंत्री के निर्देश के परिपालन में जिला सहकारी केंद्रीय बैंक मर्यादित अंबिकापुर के मुख्य कार्यपालन अधिकारी ने आज कल्लु प्रसाद मिश्रा, सहायक लेखापाल (प्रभारी शाखा प्रबंधक) को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया। निलंबन अवधि में उनका मुख्यालय शाखा बैकुंठपुर, जिला कोरिया निर्धारित किया गया है।

रातोंरात भर दिए गये थे खाद के बोरे
कोरिया जिले के जिल्दा ग्राम की आदिम जाति सहकारी समिति में खाद की कालाबाजारी का ये वही मामला है जहाँ जांच के दौरान गोदाम के एक कमरे में खाद के बोरे भरे हुए मिले। ग्रामीणों ने बताया कि यहां रात के वक्त ही खाद के बोरे रखे गए हैं।

दरअसल सुशासन तिहार शिविर में ग्रामीणों ने समिति प्रबंधक पर किसानों के खाद गायब कर बेचने का आरोप लगाया। शिकायत के बाद विधायक भैयालाल राजवाड़े अधिकारियों के साथ मौके पर पहुंचे, लेकिन समिति प्रबंधक अखिलचंद सिंह केंद्र में ताला लगाकर फरार हो चुका था। अब किसानों के हक की खाद कहां गई, इस पर सवाल खड़े हो रहे हैं।
अब जाकर इस मामले में जिला मुख्यालय द्वारा कोई कार्रवाई नहीं करने पर जिम्मेदार अफसर पर निलंबन की गाज गिरी है।


