रायपुर: छत्तीसगढ़ में नौतपा शुरू होने से पहले ही सूरज ने अपने तेवर कड़े कर लिए हैं और आसमान से आग बरसने लगी है। राजधानी रायपुर में गुरुवार को भीषण गर्मी ने लोगों का जीना मुहाल कर दिया। कल शहर का अधिकतम तापमान 44 डिग्री सेल्सियस के पार पहुंच गया, जबकि माना इलाके में यह रिकॉर्ड 45 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। दोपहर के वक्त हालात ऐसे थे कि गर्म हवाओं और थपेड़ों के कारण घरों में लगे कूलर भी ठंडी हवा देना भूल गए। सड़कों पर सन्नाटा पसर गया और लोगों का एक मिनट भी घर से बाहर निकलना भारी पड़ गया। (Raipur Weather Update)

रायपुर में आज 45 डिग्री तक जाएगा पारा, ऑरेंज अलर्ट

मौसम विभाग ने शुक्रवार को रायपुर में भीषण ‘ग्रीष्म लहर’ (लू) को लेकर ऑरेंज अलर्ट (Orange Alert) जारी किया है। आज राजधानी का आसमान पूरी तरह साफ रहेगा, जिससे धूप की तपिश और बढ़ेगी। मौसम वैज्ञानिकों के मुताबिक, आज रायपुर का अधिकतम तापमान 45 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 30 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने की आशंका है। रात के समय भी लोगों को गर्मी से राहत नहीं मिलेगी।

See also  Horoscope 22 April 2023 : इन राशि वालों को मिल सकते हैं नौकरी में तरक्की के अवसर, पढ़ें मेष से लेकर मीन राशि तक का हाल

प्रदेश के इन जिलों में लू का कहर, जारी हुई चेतावनी

बिलासपुर, रायगढ़, सारंगढ़-बिलाईगढ़, सक्ती, मुंगेली, जांजगीर-चांपा, बलौदाबाजार, रायपुर, धमतरी, दुर्ग, बेमेतरा, कबीरधाम, राजनांदगांव। इन इलाकों में गंभीर लू चलने की आशंका है। कोरबा, गरियाबंद, महासमुंद, बालोद और मोहला-मानपुर-अंबागढ़ चौकी में भी गर्म हवाएं परेशान करेंगी।

बचाव के लिए मौसम विभाग की जरूरी गाइडलाइन (Advisory)


लगातार बढ़ते पारे को देखते हुए मौसम विभाग ने आम जनता के लिए जरूरी एडवायजरी जारी की है। डॉक्टरों और विशेषज्ञों का कहना है कि दोपहर 12 बजे से शाम 4 बजे के बीच बिना वजह घरों से बाहर बिल्कुल न निकलें। शरीर में पानी की कमी न होने दें, लगातार पानी, छाछ, नींबू पानी या ओआरएस (ORS) का घोल पीते रहें। अगर बाहर निकलना बहुत जरूरी हो, तो हल्के रंग के सूती (Cotton) कपड़े पहनें, सिर को ढंककर रखें और धूप का चश्मा व छाते का इस्तेमाल जरूर करें।