Chhattisgarh News: अंबिकापुर-रायगढ़ मुख्य मार्ग पर शुक्रवार की रात एक भयानक हादसा हो गया। शांतिपारा के पास एक तेज रफ्तार ट्रक ने बाइक सवार भाजपा नेता को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि वे ट्रक के नीचे फंस गए। इसके बाद ट्रक उन्हें करीब 20 मीटर तक घसीटते हुए ले गया। अस्पताल में इलाज के दौरान उन्होंने दम तोड़ दिया। इस घटना के बाद से पूरे इलाके में सनसनी फैल गई है।
काम निपटाकर लौट रहे थे घर
मृतक की पहचान बतौली के ग्राम पोकसरी निवासी शिवमंगल दास (50 वर्ष) के रूप में हुई है। वे भाजपा के बूथ अध्यक्ष थे। शुक्रवार की दोपहर वे किसी काम से बतौली आए हुए थे। रात करीब 9:30 बजे वे अपनी बाइक से वापस गांव लौट रहे थे। इसी दौरान नेशनल हाईवे-43 पर शांतिपारा के पास सामने से आ रहे एक अज्ञात ट्रक ने उन्हें अपनी चपेट में ले लिया। वह सड़क पर गिरे और ट्रक उन्हें घसीटता चला गया। दिल दहल गया।
अस्पताल में तोड़ा दम, ड्राइवर फरार
हादसे के बाद हाईवे पर चीख-पुकार मच गई। आसपास के लोगों ने तुरंत इसकी सूचना पुलिस को दी। डायल 112 की टीम मौके पर पहुंची। गंभीर रूप से घायल शिवमंगल दास को तुरंत बतौली सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया। उनके शरीर के अंदरूनी हिस्सों में गंभीर चोटें आई थीं। डॉक्टरों ने बचाने की बहुत कोशिश की, लेकिन इलाज के दौरान उनकी सांसें टूट गईं। उधर, मौका पाकर ट्रक ड्राइवर गाड़ी लेकर वहां से भाग निकला। अंधेरा होने के कारण लोग ट्रक का नंबर नहीं देख पाए।
सीसीटीवी खंगाल रही है पुलिस
शनिवार को बतौली पुलिस ने शव का पोस्टमॉर्टम करवाकर उसे परिवार वालों को सौंप दिया है। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। स्थानीय पुलिस के सूत्रों के मुताबिक, अज्ञात ट्रक ड्राइवर के खिलाफ केस दर्ज कर लिया गया है। बतौली चौक और हाईवे के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज जांचे जा रहे हैं। पुलिस का दावा है कि आरोपी ड्राइवर को जल्द ही पकड़ लिया जाएगा।


