रायपुर। सूरजपुर के शिवनंदनपुर नगर पंचायत चुनाव में सियासी पारा चढ़ गया है। कांग्रेस ने बीजेपी पर सत्ता का दुरुपयोग कर चुनाव प्रभावित करने का गंभीर आरोप लगाया है। पार्टी का कहना है कि पुलिस प्रशासन के जरिए कांग्रेस के चुनाव संचालक पर फर्जी केस लादकर डराने की कोशिश की जा रही है।
क्या है पूरा विवाद
कांग्रेस का आरोप है कि जिला कांग्रेस कमेटी के महामंत्री और चुनाव संचालन देख रहे नरेन्द्र जैन के खिलाफ आर्म एक्ट के तहत फर्जी FIR दर्ज कराई गई है। पार्टी ने इसे बीजेपी नेताओं का राजनैतिक दबाव बताया। कांग्रेस का दावा है कि स्थानीय पुलिस प्रशासन सत्ता पक्ष के इशारे पर काम कर रहा है और चुनाव कार्य को बाधित करने की साजिश रची जा रही है।
चुनाव आयोग के दरवाजे पर कांग्रेस
इस मामले को लेकर कांग्रेस का प्रतिनिधिमंडल सोमवार को सीधे प्रदेश चुनाव आयोग पहुंचा। पार्टी ने ज्ञापन सौंपकर तत्काल हस्तक्षेप की मांग की। ज्ञापन में मांग की गई कि पूरे प्रकरण का संज्ञान लेकर संबंधित थाना प्रभारी पर कड़ी कार्रवाई की जाए और उन्हें निलंबित किया जाए।
विश्रामपुर थाने के बाहर कांग्रेस का धरना
दूसरी तरफ सूरजपुर में कांग्रेस ने मोर्चा खोल दिया है। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष दीपक बैज के नेतृत्व में कांग्रेस कार्यकर्ता विश्रामपुर थाने का घेराव कर अनिश्चितकालीन धरने पर बैठ गए। पार्टी नेताओं का कहना है कि जब तक फर्जी FIR वापस नहीं होती और दोषी अधिकारियों पर कार्रवाई नहीं होती, आंदोलन जारी रहेगा।चुनाव आयोग पहुंचे प्रतिनिधिमंडल में प्रदेश कांग्रेस महामंत्री सकलेन कामदार, शहर अध्यक्ष श्रीकुमार मेनन, जिला ग्रामीण अध्यक्ष राजेन्द्र पप्पू बंजारे, पूर्व महापौर प्रमोद दुबे, पूर्व महामंत्री पंकज शर्मा और असंगठित क्षेत्र समस्या निवारण प्रकोष्ठ अध्यक्ष मोहम्मद सिद्दीक शामिल रहे।


