टीआरपी डेस्क। राजधानी दिल्ली के सबसे वीआईपी इलाकों में से एक आईटीओ (ITO Area) से सुबह-सुबह एक बड़ी खबर सामने आई है। यहां स्थित देश के मशहूर कॉलेज स्कूल ऑफ प्लानिंग एंड आर्किटेक्चर (SPA Delhi) की बिल्डिंग में सोमवार सुबह अचानक भीषण आग लग गई। आग कॉलेज की दूसरी मंजिल पर लगी, जहां केंद्रीय शिक्षा मंत्रालय के कुछ दफ्तर (Ministry of Education Offices) भी संचालित होते हैं। आग लगते ही परिसर में हड़कंप मच गया। गनीमत यह रही कि समय रहते बिल्डिंग के अंदर मौजूद सभी छात्रों और प्रोफेसरों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया।
सुबह 9:30 बजे के बाद भड़की आग
दिल्ली फायर सर्विस (Delhi Fire Service) को सुबह करीब 9:37 बजे एसपीए कॉलेज की बिल्डिंग से धुआं उठने की जानकारी मिली। चूंकि मामला आईटीओ जैसे संवेदनशील इलाके का था, इसलिए दमकल विभाग ने बिना कोई देरी किए तुरंत फायर ब्रिगेड की 8 गाड़ियां (Fire Tenders) मौके पर रवाना कर दीं। फायर फाइटर्स ने कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया।
एसी यूनिट में स्पार्किंग बनी वजह
शुरुआती जांच और मौके पर मौजूद लोगों से मिली जानकारी के मुताबिक, इस हादसे की वजह एयर कंडीशनर (AC Unit) में आई खराबी को माना जा रहा है। हालांकि, अभी इसकी आधिकारिक पुष्टि होना बाकी है।
चश्मदीदों का क्या है कहना
कॉलेज परिसर में मौजूद लोगों ने बताया कि आग भड़कने से ठीक पहले दूसरी मंजिल पर लगी एक एसी यूनिट से तेज धुआं और चिंगारियां (Sparking in AC) निकलती देखी गई थीं। इसके कुछ ही पलों बाद आग की लपटें तेजी से फैल गईं। राहत की बात यह है कि इस पूरी घटना में कोई भी हताहत नहीं हुआ है और सभी लोग पूरी तरह सुरक्षित (All Safe) हैं।



