रायपुर। DGGI रायपुर ने उत्तरप्रदेश के शाहजहांपुर से कुलदीप उर्फ अभिषेक पाठक को गिरफ्तार किया है। आरोपी पर बोगस फर्मों के जरिए 12.5 करोड़ रु. का फर्जी इनपुट टैक्स क्रेडिट लेकर आगे ट्रांसफर करने का आरोप है। कई बार नोटिस भेजने के बावजूद पेश न होने पर टीम अतिबरा गांव पहुंची और पूछताछ के बाद गिरफ्तार किया।
स्क्रैप कारोबार की आड़ में फर्जीवाड़ा
जांच में सामने आया कि अभिषेक पाठक ने रायपुर निवासी अमन सिंह के साथ मिलकर स्क्रैप कारोबार से जुड़ी फर्में चलाईं। कागजों में फर्जी कारोबार दिखाकर करोड़ों का ITC क्लेम किया गया।
बेटियों के नाम पर बनाई फर्में
आरोपी ने परिवार के सदस्यों के नाम पर भी फर्में बनाई थीं। समृद्धि ट्रेडिंग और ख्याति इंटरप्राइजेज जैसी फर्मों के जरिए टैक्स क्रेडिट की हेराफेरी की जांच चल रही है।
16 करोड़ से ज्यादा का फर्जी लेनदेन
DGGI के मुताबिक आरोपी से जुड़े नेटवर्क में 16 करोड़ रु. से अधिक के फर्जी ITC का लेन-देन मिला है। आशंका है कि नेटवर्क कई राज्यों तक फैला है। छापे में घर से अहम दस्तावेज, मोबाइल फोन और रिकॉर्ड जब्त किए गए हैं।
नए ADG की पोस्टिंग के बाद पहली बड़ी गिरफ्तारी
यह गिरफ्तारी DGGI रायपुर के प्रधान अतिरिक्त महानिदेशक सुजीत मलिक के 18 मई 2026 को पदभार संभालने के बाद पहली बड़ी कार्रवाई है। इससे संकेत है कि फर्जी ITC नेटवर्क पर शिकंजा और कसेगा।
छत्तीसगढ़ में फर्जी फर्मों के जरिए ITC घोटाले के मामले पहले भी सामने आए हैं। जांच एजेंसियां ऐसे नेटवर्क पर लगातार कार्रवाई कर रही हैं।


