टीआरपी डेस्क: कर्नाटक की राजनीति से इस वक्त की सबसे बड़ी खबर सामने आ रही है। कांग्रेस के संकटमोचक माने जाने वाले डीके शिवकुमार आज कर्नाटक के 24वें मुख्यमंत्री (24th Chief Minister of Karnataka) के रूप में शपथ लेने जा रहे हैं। भव्य शपथ ग्रहण समारोह आज शाम 4 बजे बेंगलुरु के लोक भवन (Lok Bhavan Bengaluru) में आयोजित किया जाएगा। आपको बता दें कि बीते 30 मई को हुई कांग्रेस विधायक दल की बैठक में शिवकुमार को सर्वसम्मति से नेता चुना गया था। वे निवर्तमान मुख्यमंत्री सिद्धारमैया की जगह राज्य की कमान संभालेंगे।
मंत्रियों की लिस्ट आज आएगी, मीडिया की अटकलों पर शिवकुमार का बयान
शपथ ग्रहण से ठीक पहले मीडिया से बात करते हुए डीके शिवकुमार ने साफ किया कि नई कैबिनेट (Karnataka New Cabinet) में कौन-कौन से चेहरे शामिल होंगे, इसकी आधिकारिक लिस्ट बुधवार दोपहर तक जारी कर दी जाएगी। उन्होंने कहा, “मीडिया में मंत्रियों के नामों को लेकर जो भी कयास चल रहे हैं, वे ऑफिशियल नहीं हैं। मंत्रियों की अंतिम सूची दिल्ली में कांग्रेस हाईकमान (Congress High Command) से हरी झंडी मिलने के बाद ही सामने आएगी।”
4 डिप्टी सीएम का फॉर्मूला! सिद्धारमैया के बेटे को भी मिल सकती है जगह
सूत्रों से छनकर आ रही खबरों के मुताबिक, इस बार कर्नाटक में क्षेत्रीय और जातीय समीकरण साधने के लिए 4 डिप्टी सीएम (Deputy CM in Karnataka) बनाए जा सकते हैं। इस नई कैबिनेट में पूर्व सीएम सिद्धारमैया के करीबियों के साथ-साथ कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे के बेटे को भी मंत्री पद की जिम्मेदारी मिल सकती है। वहीं, अंदरूनी डैमेज कंट्रोल के तहत मौजूदा कैबिनेट से करीब 10 मंत्रियों की छुट्टी होने की पूरी संभावना है।
कांग्रेस विधायक टीबी जयचंद्र ने बताया कि बुधवार को सिर्फ कुछ चुनिंदा विधायक ही मंत्री पद की शपथ लेंगे। चूंकि राज्य में विधान परिषद और राज्यसभा के चुनाव 18 जून तक चलने वाले हैं, इसलिए पूरी कैबिनेट का विस्तार (cabinet expansion) 18 जून के बाद ही मुमकिन हो पाएगा।
आज होने वाले इस शक्ति प्रदर्शन में कांग्रेस नेता राहुल गांधी, मल्लिकार्जुन खड़गे के अलावा केरल, हिमाचल प्रदेश और तेलंगाना के मुख्यमंत्री शामिल होंगे। इनके साथ ही सहयोगी दलों के नेता यानी तमिलनाडु और झारखंड के मुख्यमंत्री भी बेंगलुरु पहुंच रहे हैं।
बेंगलुरु में जुटेगा विपक्ष, सिद्धारमैया को मिली CWC में जगह
इस बड़े सियासी उलटफेर के बीच, पूर्व मुख्यमंत्री सिद्धारमैया ने 28 मई को अपने पद से इस्तीफा दे दिया था। वे 20 मई 2023 से 28 मई 2026 तक राज्य के मुख्यमंत्री रहे। मुख्यमंत्री की कुर्सी छोड़ने के ठीक एक दिन बाद कांग्रेस आलाकमान ने सिद्धारमैया को बड़ी जिम्मेदारी देते हुए कांग्रेस कार्य समिति (CWC Member) का सदस्य नियुक्त किया है।



