रायपुर। पर्यावरण दिवस पर छत्तीसगढ़ पर्यावरण संरक्षण मंडल ने बीते डेढ़ साल में प्रदूषण नियंत्रण पर की गई कार्रवाई का ब्यौरा दिया। मंडल का दावा है कि रायपुर की वायु गुणवत्ता में लगभग 4 प्रतिशत सुधार आया है।

94 उद्योगों को नोटिस, 82 की बिजली कटी

क्षेत्रीय कार्यालय रायपुर ने जनवरी 2025 से मई 2026 तक रायपुर, बलौदाबाजार-भाटापारा, धमतरी, महासमुंद और गरियाबंद के उद्योगों पर कार्रवाई की। कुल 94 प्रदूषणकारी उद्योगों को नोटिस जारी हुए। 82 उद्योगों का उत्पादन बंद कराया गया या बिजली कनेक्शन काटे गए।

3.03 करोड़ से ज्यादा की क्षतिपूर्ति

इस दौरान 96 उद्योगों पर 2 करोड़ 40 लाख 65 हजार 125 रुपये की पर्यावरणीय क्षतिपूर्ति लगाई गई। बिना तिरपाल ढंके कच्चा माल ले जाने वाले 136 उद्योगों पर 51 लाख 2 हजार 323 रुपये का जुर्माना लगा। फ्लाई ऐश की अवैध डंपिंग पर 2 उद्योगों से 12 लाख रुपये वसूले गए। कुल मिलाकर 3.03 करोड़ से ज्यादा की क्षतिपूर्ति अधिरोपित की गई।

See also  Deepak Kingrani: दीपक किंगरानी को मिला राष्ट्रीय फिल्म पुरस्कार, छत्तीसगढ़ से जुड़ी है दीपक की जड़ें…

रायपुर का AQI सुधरा

रायपुर में वायु गुणवत्ता की निगरानी के लिए 4 जगह डिस्प्ले बोर्ड और 6 जगह नेम्प स्टेशन चल रहे हैं। 2024 में रायपुर का औसत वायु गुणवत्ता सूचकांक 65.38 था, जो 2025 में घटकर 62.86 हो गया। यानी हवा में करीब 4 प्रतिशत सुधार हुआ है। यह स्तर संतोषजनक श्रेणी में है।

सिंगल-यूज प्लास्टिक पर भी शिकंजा

सिंगल-यूज प्लास्टिक पर प्रतिबंध को लेकर भी कार्रवाई हुई। एक उद्योग का उत्पादन बंद कराकर 87,500 रुपये का जुर्माना लगाया गया और कोर्ट में परिवाद दायर किया गया। दूसरे उद्योग पर 6.25 लाख रुपये की क्षतिपूर्ति लगाई गई। दो अन्य उद्योगों का उत्पादन भी बंद कराया गया।