खेल डेस्क। बीसीसीआई ने आयरलैंड और इंग्लैंड दौरे के लिए भारत की टी20 टीम का एलान कर दिया है। 15 साल के तूफानी बल्लेबाज वैभव सूर्यवंशी को टीम में जगह मिल गई है। वैभव को एशियन गेम्स की टीम में भी शामिल किया गया है। पिछले दो साल से वो घरेलू क्रिकेट में लगातार रन बना रहे थे। सेलेक्टर्स की नजर उन पर टिकी हुई थी। आखिरकार उनका सपना पूरा हो गया।

आईपीएल 2026 में मचाया था कोहराम

वैभव ने पिछले साल आईपीएल में डेब्यू किया था। तब उन्होंने 7 मैचों में 252 रन बनाए थे। लेकिन आईपीएल 2026 में तो उन्होंने तबाही मचा दी। 14 मैचों में उनके बल्ले से 776 रन निकले।

वो इस सीजन सबसे ज्यादा रन बनाने वाले बल्लेबाज रहे। उन्होंने ऑरेंज कैप अपने नाम की। इस दौरान वैभव का स्ट्राइक रेट 237.31 का रहा, जिसमें एक शतक और पांच अर्धशतक शामिल थे। उन्होंने जसप्रीत बुमराह और पैट कमिंस जैसे दुनिया के सबसे धाकड़ गेंदबाजों की जमकर कुटाई की थी।

See also  Special Train for T20 WC Final: क्रिकेट फैंस के लिए खुशखबरी, T20 Final के लिए दिल्ली से साबरमती तक चलेगी स्पेशल ट्रेन, नोट कर लें शेड्यूल

टूट जाएगा भगवान सचिन का महा-रिकॉर्ड?

अगर वैभव को प्लेइंग इलेवन में मौका मिलता है, तो वो इतिहास रच देंगे। वो महान सचिन तेंदुलकर का सबसे कम उम्र में भारत के लिए डेब्यू करने का रिकॉर्ड तोड़ देंगे। सचिन ने 16 साल 205 दिन की उम्र में पाकिस्तान के खिलाफ अपना पहला मैच खेला था। वैभव अभी सिर्फ 15 साल के हैं।

श्रेयस अय्यर की कप्तानी में मिली जगह

टीम की कमान सूर्यकुमार यादव की जगह श्रेयस अय्यर को सौंपी गई है। अब देखना होगा कि कप्तान अय्यर इस युवा खिलाड़ी को कब मौका देते हैं। टीम में पहले से ही अभिषेक शर्मा और संजू सैमसन जैसे इन-फॉर्म ओपनर मौजूद हैं।

कड़ी टक्कर के बीच वैभव को प्लेइंग इलेवन में जगह बनाना एक बड़ी चुनौती होगी। हालांकि, उनकी मौजूदा फॉर्म को देखते हुए उन्हें ज्यादा दिन बेंच पर नहीं बैठाया जा सकता।