सक्ती। सुशासन तिहार के तहत ठठारी गांव में आयोजित जन चौपाल में उस समय माहौल गरमा गया, जब सिरली गांव की एक महिला ने मुख्यमंत्री के सामने सक्ती थाना प्रभारी पर गंभीर आरोप लगा दिए। महिला ने कहा कि छेड़छाड़ और मारपीट की शिकायत लेकर थाने गई थी, लेकिन पूरी रात बैठने के बाद भी पुलिस ने सुनवाई नहीं की। रिपोर्ट लिखाने के लिए वह 15 दिन से थाने के चक्कर काट रही है।

5 जून की रात पहुंची थी थाने

पीड़िता ने मुख्यमंत्री को बताया कि 5 जून की रात वह न्याय की उम्मीद लेकर सक्ती थाने पहुंची थी। उसके साथ छेड़छाड़ और मारपीट की घटना हुई थी। उसे टीआई ने थाने में घंटों बिठाये रखा। महिला के मुताबिक वह रात 3 बजे तक थाने में न्याय की गुहार लगाती रही, लेकिन उसकी फरियाद नहीं सुनी गई। इस दौरान उसे काफी परेशानी झेलनी पड़ी।

पुलिस की कार्यप्रणाली पर उठाए सवाल

जन चौपाल में महिला ने मुख्यमंत्री के सामने पूरी आपबीती सुनाई और पुलिस की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाते हुए निष्पक्ष जांच और कार्रवाई की मांग की।

See also  IAS रेणु पिल्ले प्रमुख सचिव कौशल विकास तो सोनमणि बोरा मंत्रालय रिटर्न, अविनाश चंपावत को मिला जल संसाधन विभाग

CM बोले- ठीक है, दिखवाएंगे

महिला की शिकायत सुनने के बाद मुख्यमंत्री ने मामले को गंभीरता से लिया। उन्होंने कहा, “ठीक है, दिखवाएंगे।” साथ ही संबंधित अधिकारियों को मामले की जांच के तुरंत निर्देश दिए।

स्थानीय स्तर पर चर्चा तेज

घटना के बाद सक्ती में पुलिस की कार्यप्रणाली को लेकर चर्चा शुरू हो गई है। अब सभी की नजर इस बात पर है कि जांच के बाद TI के खिलाफ क्या कार्रवाई होती है।