Chhattisgarh News: रायपुर जिले के छोटे से कस्बे तिल्दा-नेवरा की एक बेटी ने वो कर दिखाया है, जिसे सुनकर बड़े-बड़े सूरमा दंग रह जाएंगे। सिर्फ 23 साल की चारु पांडेय ने एक-दो नहीं, बल्कि केंद्र और राज्य सरकार की पूरे 19 सरकारी विभागों की परीक्षाएं पास की हैं। चारु की इस कामयाबी ने पूरे छत्तीसगढ़ का नाम देशभर में ऊंचा कर दिया है। अब खुद राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू दिल्ली में चारु को गोल्ड मेडल से सम्मानित करेंगी।
तिल्दा-नेवरा में जश्न, मां-बाप का सीना चौड़ा
चारु की इस कामयाबी की खबर जैसे ही तिल्दा के स्थानीय चौक-चौराहों पर पहुंची, बधाई देने वालों का तांता लग गया। चारु के पिता प्रवीण कुमार पांडेय और मां सुधा पांडेय को अपनी बेटी पर नाज है। तिल्दा के लोगों का कहना है कि यह पूरे इलाके के लिए ऐतिहासिक पल है।
चेन्नई में संभाल रहीं बड़ा पद, ये हैं वो 19 सरकारी नौकरियां
चारु की लिस्ट इतनी लंबी है कि कोई भी हैरान रह जाए। उन्होंने देश की सबसे कठिन मानी जाने वाली कई परीक्षाओं को एक साथ क्रैक किया है। फिलहाल चारु चेन्नई में एक बड़े पद पर देश की सेवा कर रही हैं। उन्होंने मई 2025 में ही भारत के नियंत्रक एवं महालेखा परीक्षक (CAG) दफ्तर में असिस्टेंट ऑडिट ऑफिसर (AAO) के रूप में जॉइन किया था।
इन प्रमुख परीक्षाओं में मारी बाजी
- एसएससी की बड़ी परीक्षाएं: SSC CGL, SSC CHSL, SSC MTS और SSC GD।
- पुलिस और डिफेंस: दिल्ली पुलिस, छत्तीसगढ़ सब-इंस्पेक्टर (SI) और ट्रांसपोर्ट सब-इंस्पेक्टर।
- बैंकिंग सेक्टर: IBPS PO और SBI की परीक्षाएं।
- अन्य विभाग: SSC CPO और CG NHM समेत कई अन्य कॉम्पिटिटिव एग्जाम्स।
छोटे शहर से दिल्ली के मंच तक का सफर
रायपुर के तिल्दा जैसे छोटे शहर से निकलकर इस मुकाम तक पहुंचना आसान नहीं था। चारु की यह सफलता छत्तीसगढ़ के उन हजारों युवाओं के लिए बड़ी प्रेरणा है जो कोचिंग और बड़े शहरों के अभाव में हिम्मत हार जाते हैं। सूत्रों के हवाले से पता चला है कि चारु की इस कामयाबी के बाद स्थानीय प्रशासन भी उनके स्वागत की बड़ी तैयारी में जुटा है। चारु ने साबित कर दिया कि अगर जिद पक्की हो, तो छोटे शहरों की बेटियां भी बड़े से बड़ा मुकाम हासिल कर सकती हैं।



