रायपुर। छत्तीसगढ़ में चुनावी बिसात फिर से बिछने लगी है। केंद्र में नरेंद्र मोदी सरकार के 12 साल पूरे होने की ख़ुशी में भाजपा ने सोमवार से घर-घर चलो अभियान का बिगुल फूंक दिया है। इस बार नेताओं को सिर्फ मंच पर भाषण नहीं देना है। पार्टी आलाकमान ने साफ कह दिया है कि जनता के दरवाजे पर जाना ही पड़ेगा।

मंत्रियों और विधायकों को मिला टारगेट

मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय, प्रदेश अध्यक्ष किरण देव और संगठन महामंत्री पवन साय ने सोमवार को विधायकों और सांसदों की एक बड़ी वर्चुअल बैठक ली। इस बैठक में सबको उनका टारगेट समझा दिया गया है। पार्टी ने नेताओं के कद के हिसाब से जिम्मेदारी तय की है। अब कोई भी नेता बहानेबाजी नहीं कर पाएगा।

संगठन ने सेट किया है टारगेट

  • मंत्री, विधायक और सांसदों को कम से कम 50-50 नए लोगों से सीधे मिलना होगा।
  • राष्ट्रीय व प्रदेश पदाधिकारी और जिला अध्यक्ष: इनके जिम्मे 25-25 लोगों से मिलने का काम है।
  • जिला पदाधिकारी: इन्हें 15-15 लोगों के घर जाना है।
  • मंडल अध्यक्ष: इन्हें 10-10 लोगों से संपर्क साधना होगा।
See also  भाजपा के संकल्प पत्र में विकास कार्यों पर फोकस,हर वर्ग के लिए वादों का पिटारा

10 जून को मंदिरों में महापूजा की तैयारी

मोदी सरकार के 12 साल पूरे होने के मौके पर 10 जून को पूरे प्रदेश में एक अलग ही माहौल दिखेगा। राज्य की हर विधानसभा के बड़े मंदिरों में विशेष पूजा-अर्चना रखी गई है। इसमें भाजपा के तमाम दिग्गज नेताओं के साथ आम जनता भी शामिल होगी।

दरवाजे पर जाएंगे CM साय और दोनों डिप्टी सीएम

इस अभियान की सबसे बड़ी बात यह है कि खुद मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय अपने विधानसभा क्षेत्र के अलावा राज्य के किसी भी जिले में अचानक किसी के भी घर दस्तक दे सकते हैं। उनके साथ डिप्टी सीएम अरुण साव, विजय शर्मा और बाकी मंत्री भी आम जनता के ड्राइंग रूम तक पहुंचेंगे। नेताजी आपके घर आकर पूछेंगे कि राशन, पानी या आवास योजना का लाभ मिल रहा है या नहीं। अगर कोई गड़बड़ होगी, तो उसे तुरंत ठीक कराया जाएगा।

दरअसल, इस पूरी कसरत के पीछे का असली खेल साल 2028 का विधानसभा चुनाव है। भाजपा अभी से अपनी जमीन इतनी मजबूत कर लेना चाहती है कि विपक्ष को पैर रखने की जगह न मिले। सोमवार से ही प्रदेश के कई इलाकों में इसकी शुरुआत हो चुकी है और अब सारे बड़े नेता अपने-अपने क्षेत्रों में झोला उठाकर निकल पड़े हैं।

See also  MLA & Minister Missing From Saja Burning Area - साजा विधायक और मंत्री रविंद्र चौबे नदारद, BJP हावी