कांकेर। दुर्गुकोंदल में स्कूल मरम्मत कार्यों में बड़े घोटाले का मामला सामने आया है। 6.63 करोड़ रुपये के कार्यों में केवल तीस प्रतिशत ही काम हुआ, लेकिन ठेकेदार को पूरा भुगतान कर दिया गया। मामले की जांच एंटी करप्शन ब्यूरो जगदलपुर कर रही है।
2022 से 2025 के बीच की गड़बड़ी
विकासखंड दुर्गुकोंदल में वर्ष 2022 से 2025 के दौरान स्कूल भवनों के मरम्मत कार्यों में अनियमितता और भ्रष्टाचार का आरोप है। मुख्यमंत्री स्कूल जतन योजना, समग्र शिक्षा योजना तथा विशेष केंद्रीय मद के तहत प्राथमिक, माध्यमिक और हाईस्कूलों के कुल 163 जर्जर भवनों की मरम्मत के लिए लगभग 6 करोड़ 63 लाख रुपये स्वीकृत किए गए थे।
शिकायत में दावा किया गया है कि स्वीकृत कार्यों का केवल लगभग 30 प्रतिशत हिस्सा ही पूरा कराया गया, जबकि संबंधित ठेकेदारों को पूर्ण भुगतान कर दिया गया। इससे शासन को आर्थिक क्षति पहुंचाने और भ्रष्टाचार किए जाने की आशंका व्यक्त की गई है।
एसीबी ने मांगे दस्तावेज
एसीबी जगदलपुर कार्यालय से 1 जून 2026 को जारी पत्र के अनुसार जिला शिक्षा अधिकारी उत्तर बस्तर कांकेर से विस्तृत जांच रिपोर्ट और संबंधित दस्तावेज मांगे गए हैं। एसीबी ने कहा कि यदि शिक्षा विभाग स्तर पर कोई विभागीय जांच कराई गई है तो उसकी रिपोर्ट और तथ्यात्मक जानकारी तत्काल उपलब्ध कराई जाए।
प्रमाणित प्रतियां प्राथमिकता पर मांगी
एसीबी ने जिला शिक्षा अधिकारी से संबंधित दस्तावेजों की प्रमाणित प्रतियां प्राथमिकता के आधार पर उपलब्ध कराने का आग्रह किया है। यह पत्र निरीक्षक मोहम्मद फिरोज खान, एंटी करप्शन ब्यूरो जगदलपुर द्वारा जारी किया गया है।
डीईओ ने टिप्पणी से किया इनकार
इस संबंध में कांकेर जिला शिक्षा अधिकारी रमेश निषाद ने कहा कि नियमानुसार एंटी करप्शन ब्यूरो द्वारा जांच की जा रही है। इस विषय पर मैं कोई टिप्पणी नहीं करना चाहता।




