रायपुर। छत्तीसगढ़ में पेट्रोल और डीजल की सप्लाई गड़बड़ाने से आम जनता की परेशानी बढ़ गई है। प्रदेश के कई पेट्रोल पंपों पर तेल खत्म होने यानी ड्राई आउट की स्थिति बन रही है। इसी संकट के बीच राजधानी रायपुर के कबीर नगर इलाके में पुलिस ने टैंकरों से पेट्रोल-डीजल चोरी करने वाले एक बड़े गिरोह का पर्दाफाश किया है।
8 घंटे की सप्लाई से बढ़ा संकट
मिली जानकारी के मुताबिक, ऑयल कंपनियों ने पेट्रोल-डीजल के टैंकरों की सप्लाई का समय 24 घंटे से घटाकर मात्र 8 घंटे कर दिया है। समय कम होने की वजह से ईंधन समय पर पेट्रोल पंपों तक नहीं पहुंच पा रहा है। दूसरी तरफ, खरीफ का सीजन शुरू होने के कारण ग्रामीण इलाकों में ट्रैक्टर और कृषि उपकरणों के लिए डीजल की मांग अचानक बहुत बढ़ गई है। मांग और सप्लाई में अंतर आने से कई जगहों पर किल्लत देखी जा रही है। इसके साथ ही रसोई गैस की डिलीवरी में भी उपभोक्ताओं को 8 से 10 दिनों का इंतजार करना पड़ रहा है।
कबीर नगर में पुलिस की छापेमारी, 4 गिरफ्तार
ईंधन की इस जमाखोरी और किल्लत के बीच कबीर नगर थाना पुलिस को इलाके के एक यार्ड में अवैध काम की सूचना मिली। पुलिस ने जब वहां छापा मारा, तो बड़े पैमाने पर पेट्रोल-डीजल की चोरी पकड़ी गई। मौके से पुलिस ने करीब 1600 लीटर पेट्रोल और 1700 लीटर डीजल बरामद किया है।
कार्रवाई के दौरान पुलिस ने तेल चोरी में इस्तेमाल होने वाले ड्रम, पाइप और टैंकरों को जब्त कर लिया है। इस मामले में चार आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि आरोपियों से पूछताछ की जा रही है, जिससे इस अवैध नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों का पता लगाया जा सके।



