जशपुर। जिला अस्पताल जशपुर के ब्लड सेंटर में गंभीर अनियमितता सामने आने के बाद कलेक्टर रोहित व्यास ने बड़ी कार्रवाई की है। यहां प्रभारी मेडिकल लैब टेक्नीशियन MLT पुरूषोत्तम कुंवर को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया है।

जांच में क्या मिला

इस मामले की जांच के दौरान यह पाया गया कि एक्सपायर्ड ब्लड बैग को निर्धारित प्रक्रिया के अनुसार डिस्कार्ड नहीं किया गया। साथ ही ब्लड बैग के गायब होने की जानकारी समय पर वरिष्ठ अधिकारियों को नहीं दी गई तथा दस्तावेजों और साक्ष्यों के साथ छेड़छाड़ किए जाने के तथ्य भी सामने आए। ब्लड सेंटर के संचालन में निर्धारित नियमों और प्रोफेशनल एथिक्स का पालन नहीं करने तथा दायित्वों के निर्वहन में गंभीर लापरवाही बरतने के आरोप भी जांच में सही पाए गए।

जांच में पाया गया कि कर्मचारी की लापरवाही से मरीजों के स्वास्थ्य और जीवन पर खतरा हो सकता था। इससे जिला अस्पताल और प्रशासन की छवि भी खराब हुई।

See also  पोटाकेबिन में अव्यवस्था का आलम, कलेक्टर ने निरीक्षण के बाद अधीक्षकों पर गिराई गाज

मामले में जारी कारण बताओ नोटिस के जवाब को असंतोषजनक पाए जाने के बाद कलेक्टर ने छत्तीसगढ़ सिविल सेवा (वर्गीकरण, नियंत्रण तथा अपील) नियम, 1966 के तहत कार्रवाई करते हुए निलंबन आदेश जारी किया। कलेक्टर ने अपने आदेश में उल्लेख किया है कि संबंधित कर्मचारी की कार्यशैली के कारण मरीजों के स्वास्थ्य और जीवन पर प्रतिकूल प्रभाव पड़ने की आशंका थी। इससे जिला चिकित्सालय और प्रशासन की छवि भी प्रभावित हुई है। इसे गंभीर कदाचार, अनुशासनहीनता और पदीय दायित्वों के प्रति लापरवाही मानते हुए यह कार्रवाई की गई है। निलंबन अवधि के दौरान पुरूषोत्तम कुंवर का मुख्यालय सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र फरसाबहार निर्धारित किया गया है।