रायगढ़। जिला जेल, रायगढ़ में बंद विचाराधीन कैदी संजय बघेल की संदिग्ध मौत से हड़कंप मच गया है। नवापारा निवासी संजय शराब बेचने के केस में जेल में था। उसे तबीयत बिगड़ने पर मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया गया, जहां इलाज के दौरान मौत हो गई।

पिता का आरोप: 40 हजार लेकर साथी को छोड़ा, बेटे को पीटा

मृतक के पिता प्यारेलाल ने गंभीर आरोप लगाए हैं। उन्होंने कहा कि 3 दिन पहले पुलिस ने संजय और उसके दोस्त को शराब बेचते पकड़ा था। दोस्त को 40 हजार लेकर छोड़ दिया, पर संजय को जेल भेज दिया। पिता का आरोप है कि जेल के अंदर मारपीट की गई, जिससे उसकी जान गई।

सरपंच बोले- CCTV फुटेज खंगालो

इस घटना के बाद गांव के सरपंच नंदकुमार भी मेडिकल कॉलेज पहुंचे। उन्होंने कहा कि मौत में जेल अधिकारियों की बड़ी लापरवाही है। अगर मौत जेल में हुई तो CCTV कैमरे की जांच हो। दोषियों को तत्काल सस्पेंड कर परिजनों को न्याय दिलाया जाए।

See also  नंबर प्लेट पर गलत तरीके से पदनाम पट्टिका लगाने वालों के विरुद्ध होगी कार्यवाही, सायरन हूटर का इस्तेमाल करने वाले भी ट्रैफिक पुलिस के निशाने पर

मेडिकल कॉलेज में हुआ हंगामा

संजय बघेल की मौत की खबर मिलते ही बड़ी संख्या में परिजन मेडिकल कॉलेज पहुंच गए। वहां हंगामा कर निष्पक्ष जांच की मांग पर अड़े रहे। जेल प्रबंधन पर गंभीर लापरवाही के आरोप लग रहे हैं।

अभी जांच जारी है 

फिलहाल प्रशासन और जेल प्रबंधन की ओर से कोई आधिकारिक बयान नहीं आया है। पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट के बाद ही मौत की असली वजह साफ होगी। पुलिस मामले की जांच कर रही है।