टीआरपी डेस्क। अंतरराष्ट्रीय बाजार से एक बड़ी खबर आ रही है। अमेरिका और ईरान के बीच लंबे समय से चला आ रहा तनाव अब खत्म होने की कगार पर है। दोनों देशों के बीच शांति समझौते की खबरों के बाद अंतरराष्ट्रीय बाजार में कच्चे तेल की कीमतों में भारी गिरावट दर्ज की गई है। इस बड़ी गिरावट के बाद भारतीय उपभोक्ताओं के मन में सबसे बड़ा सवाल यही है कि क्या देश में पेट्रोल और डीजल के दाम कम होंगे? सरकारी तेल कंपनियों ने गुरुवार, 18 जून 2026 के लिए ईंधन के नए रेट जारी कर दिए हैं, लेकिन आज भी घरेलू बाजार में कीमतों को स्थिर रखा गया है।
कच्चे तेल की कीमतों में आई बड़ी गिरावट
ईरान संकट शुरू होने के बाद कच्चे तेल यानी क्रूड ऑयल के दामों में लगभग 50 फीसदी का भारी उछाल आया था। लेकिन अब शांति की खबर आते ही ग्लोबल मार्केट में क्रूड ऑयल के दाम एक फीसदी से ज्यादा टूट गए हैं। गुरुवार सुबह ब्रेंट क्रूड 1.04 फीसदी की गिरावट के साथ 78.72 डॉलर प्रति बैरल पर कारोबार कर रहा था। वहीं डब्ल्यूटीआई क्रूड भी 1.26 फीसदी फिसलकर 75.82 डॉलर प्रति बैरल पर आ गया है।
अंतरराष्ट्रीय बाजार में मंदी के बावजूद क्यों नहीं घटे दाम
कच्चे तेल के दाम गिरने के बाद भी भारत में आम आदमी को राहत न मिलने के पीछे तेल कंपनियों का पुराना घाटा है। पेट्रोलियम मंत्रालय की संयुक्त सचिव सुजाता शर्मा के अनुसार, सरकारी तेल कंपनियों को अंतरराष्ट्रीय स्तर पर कीमतों में कमी के बावजूद अभी भी नुकसान उठाना पड़ रहा है। कंपनियों को प्रति लीटर पेट्रोल पर 3 रुपये और डीजल पर 27 रुपये का नुकसान हो रहा है। इस वजह से तेल कंपनियों को रोजाना करीब 600 करोड़ रुपये का घाटा उठाना पड़ रहा है। हालांकि राहत की बात यह है कि 1 अप्रैल 2026 को यह घाटा पेट्रोल पर 24 रुपये और डीजल पर 105 रुपये प्रति लीटर तक पहुंच गया था, जिसमें अब अंतरराष्ट्रीय नरमी के कारण काफी सुधार हुआ है।
देश के प्रमुख शहरों में आज का ताजा भाव
सरकारी तेल कंपनियों द्वारा जारी ताजा रेट के मुताबिक महानगरों में ईंधन के दाम पुराने स्तर पर ही टिके हुए हैं। दिल्ली में पेट्रोल 102.12 रुपये और डीजल 95.20 रुपये प्रति लीटर मिल रहा है। मुंबई में पेट्रोल का भाव 111.21 रुपये और डीजल 97.83 रुपये प्रति लीटर है। कोलकाता में पेट्रोल 113.51 रुपये और डीजल 99.82 रुपये है, जबकि चेन्नई में पेट्रोल 107.77 रुपये और डीजल 99.55 रुपये प्रति लीटर पर बिक रहा है। इसके अलावा नोएडा में पेट्रोल 102.12 रुपये, लखनऊ में 101.89 रुपये और भोपाल में 114.57 रुपये प्रति लीटर पर स्थिर बना हुआ है।
घर बैठे ऐसे चेक करें अपने शहर का रेट
आप अपने मोबाइल से एक साधारण एसएमएस भेजकर भी अपने शहर के पेट्रोल-डीजल का भाव जान सकते हैं। इंडियन ऑयल के ग्राहक अपने फोन से RSP और अपने शहर का कोड लिखकर 9224992249 पर भेज सकते हैं। बीपीसीएल के उपभोक्ता 9223112222 पर और एचपीसीएल के ग्राहक HPPRICE के साथ शहर का कोड लिखकर 9222201122 पर मैसेज भेजकर तुरंत ताजा रेट की जानकारी हासिल कर सकते हैं।



