NEET-UG 2026: देशभर में आज नीट-यूजी की परीक्षा फिर से हो रही है और छत्तीसगढ़ में इसका असर सुबह से ही देखने को मिला। प्रदेश के 127 केंद्रों पर करीब 45 हजार छात्र अपनी किस्मत आजमा रहे हैं, लेकिन शांति से शुरू हुई ये परीक्षा कई जगहों पर हंगामे की भेंट चढ़ गई। रायपुर से लेकर जगदलपुर तक का माहौल गरमाया रहा।

रायपुर के सेंटर पर हुई बड़ी चूक

राजधानी रायपुर के चौबे कॉलोनी स्थित मायाराम सुरजन शासकीय स्कूल में उस समय हड़कंप मच गया जब एक छात्र को गलत एंट्री दे दी गई। छात्र को गेट पर जांच के बाद अंदर जाने दिया गया, लेकिन 15 मिनट बाद ही उसे यह कहकर बाहर निकाल दिया कि उसका सेंटर यहां है ही नहीं।

परीक्षा के तनाव के बीच छात्र और उसके परिजन भड़क गए। केंद्र के बाहर अफरा-तफरी का माहौल बन गया। उधर, जगदलपुर के पीजी कॉलेज में तस्वीर कुछ और ही थी। यहां नीट पेपर लीक के विरोध में NSUI के कार्यकर्ता प्रदर्शन करने पहुंचे। पुलिस ने उन्हें रोकने के लिए बैरिकेड्स लगा रखे थे, लेकिन जैसे ही कार्यकर्ता आगे बढ़े, पुलिस और प्रदर्शनकारियों के बीच जमकर धक्का-मुक्की हुई। कुछ देर के लिए पीजी कॉलेज के बाहर तनाव की स्थिति बन गई। पुलिस ने सख्ती दिखाते हुए प्रदर्शनकारियों को वहां से हटाने की कोशिश की।

See also  छत्तीसगढ़ में बाघों की संख्या बढ़ाने महत्वपूर्ण पहल, गुरूघासीदास राष्ट्रीय उद्यान और तमोर पिंगला अभ्यारण्य को टाइगर रिजर्व घोषित करने के प्रस्ताव का अनुमोदन

कड़ी जांच से बढ़ा समय

पूरे प्रदेश में NTA की गाइडलाइन के हिसाब से एंट्री दी गई। हर छात्र की सुरक्षा जांच और दस्तावेजों का बारीकी से सत्यापन किया जा रहा था। इस प्रक्रिया में औसतन आधा घंटा लग रहा था। परीक्षा केंद्रों पर समय से पहले पहुंचने की सलाह दी गई थी। एंट्री के लिए अनाउंसमेंट के जरिए स्टूडेंट्स को गाइड किया गया। रायपुर के 25 केंद्रों पर सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए है।