टीआरपी डेस्क। Stock Market : भारतीय शेयर बाजार से आज सुबह-सुबह निवेशकों के लिए एक बेहद अच्छी खबर सामने आई है। बुधवार को बाजार खुलते ही सेंसेक्स और निफ्टी दोनों प्रमुख सूचकांक हरे निशान पर कारोबार करते नजर आए। हालांकि, इस तेजी के बीच अमेरिकी डॉलर के मुकाबले भारतीय रुपया एक बार फिर कमजोर हुआ है, जिसने रायपुर के बड़े कारोबारी हलकों में थोड़ी चिंता बढ़ा दी है।
सेंसेक्स और निफ्टी में हरियाली, रायपुर के बाजारों में भी चर्चा तेज
दरअसल, आज सुबह बॉम्बे स्टॉक एक्सचेंज (BSE) का संवेदी सूचकांक सेंसेक्स 143 अंकों की मजबूती के साथ 76,344 के स्तर पर खुला। वहीं, दूसरी ओर नेशनल स्टॉक एक्सचेंज (NSE) का निफ्टी भी 30 अंकों की बढ़त लेकर 23,854 के पार चला गया। खबर लिखे जाने तक सेंसेक्स +246.20 अंकों की बढ़त के साथ 76,446.88 पर कारोबार कर रहा था।
डॉलर के सामने फिर हांफता दिखा रुपया, 9 पैसे की गिरावट
बाजार की इस चमक के बीच एक परेशान करने वाली खबर भी आई है। शुरुआती कारोबार के दौरान अमेरिकी डॉलर के मुकाबले भारतीय रुपया 9 पैसे और कमजोर हो गया है। वित्तीय विश्लेषकों का मानना है कि अगर रुपए की सेहत में जल्द सुधार नहीं हुआ, तो विदेशों से आयात होने वाला कच्चा तेल और अन्य सामान महंगे हो सकते हैं, जिसका सीधा असर आम जनता की जेब पर पड़ेगा।



