टीआरपी डेस्क। अगर आप भी छत्तीसगढ़ से विदेश घूमने या पढ़ाई के लिए जाने की तैयारी कर रहे हैं, तो आपके लिए एक बड़ी और जरूरी खबर है। विदेश मंत्रालय ने पासपोर्ट बनवाने की फीस में भारी बढ़ोतरी कर दी है, जो आगामी 1 जुलाई से पूरे देश में भी लागू हो जाएगी। अब नया पासपोर्ट बनवाने या री-इश्यू कराने के लिए आपको पहले के मुकाबले ज्यादा पैसे खर्च करने होंगे।

सामान्य से लेकर तत्काल तक सब महंगा

सामान्य पासपोर्ट की एप्लीकेशन फीस को 1,500 रुपये से सीधे बढ़ाकर 2,500 रुपये कर दिया गया है। अगर आप इमरजेंसी में तत्काल कोटे से पासपोर्ट बनवाना चाहते हैं, तो अब आपको 3,500 रुपये की जगह पूरे 6,000 रुपये चुकाने होंगे। यानी तत्काल पासपोर्ट के लिए सीधे 2,500 रुपये की बढ़ोतरी की गई है।

60 पेज वाले पासपोर्ट और नाबालिगों के लिए भी बदले नियम

गौरतलब है कि सरकार ने सिर्फ साधारण पासपोर्ट ही नहीं, बल्कि भारी-भरकम ट्रैवल करने वालों के लिए भी जेब ढीली करने का इंतजाम कर दिया है।

  • 60 पेज का जंबो पासपोर्ट: अगर आप सामान्य श्रेणी में 60 पेज वाला पासपोर्ट बनवाना या री-इश्यू कराना चाहते हैं, तो अब 2,000 की जगह 3,000 रुपये लगेंगे।
  • 60 पेज तत्काल: इसी जंबो पासपोर्ट को तत्काल में बनवाने की फीस 4,000 रुपये से बढ़ाकर 6,000 रुपये कर दी गई है।
  • नाबालिगों के लिए नया नियम: सरकारी नोटिफिकेशन के मुताबिक, अब 18 साल से कम उम्र के आवेदकों को सख्ती से नाबालिग की श्रेणी में रखकर उसी हिसाब से प्रक्रिया तय की जाएगी।
See also  Iphone 17 launch : Apple ने लॉन्च किया Iphone 17 सीरीज, जानें कीमत और फीचर्स…

चीन और पाकिस्तान से दोगुना खर्चीला हुआ भारत में पासपोर्ट

बता दें कि इस बढ़ोतरी के बाद अब भारत में पासपोर्ट बनवाना हमारे पड़ोसी देशों की तुलना में करीब दोगुना महंगा हो गया है। आंकड़ों पर नजर डालें तो पाकिस्तान में सामान्य पासपोर्ट की फीस वहां की करेंसी के हिसाब से करीब 1,400 भारतीय रुपये बैठती है। वहीं चीन में यह फीस 120 युआन यानी करीब 1,500 भारतीय रुपये है। भारत में अब सामान्य पासपोर्ट के लिए ही 2,500 रुपये देने होंगे, जो इन दोनों देशों से काफी ज्यादा है। छत्तीसगढ़ के कलेक्ट्रेट और जिला मुख्यालयों में स्थित सेवा केंद्रों में भी 1 जुलाई से इसी नए सॉफ्टवेयर और बढ़ी हुई दरों के साथ काम शुरू कर दिया जाएगा।