कवर्धा। जिले में धान खरीदी व्यवस्था में घोटालों का खुलासा लगातार जारी है। सहसपुर लोहारा थाना क्षेत्र के तीन धान उपार्जन केंद्रों में जांच के दौरान लाखों रुपये के फर्जीवाड़े का खुलासा हुआ है। प्रशासन ने तीनों केंद्रों के प्रभारियों के खिलाफ FIR दर्ज कराई है। अब तक जिले भर में 6 धान खरीदी केंद्रों के प्रभारियों पर कार्रवाई हो चुकी है।

भौतिक सत्यापन में खुली पोल, 2441 क्विंटल धान गायब

खाद्य विभाग, सहकारिता विभाग और जिला सहकारी केंद्रीय बैंक की संयुक्त जांच टीम ने औचक निरीक्षण किया। विपणन वर्ष 2025-26 के दौरान बासिझोरी, बिरनपुर और सहसपुर लोहारा धान खरीदी केंद्रों में कुल 2441.92 क्विंटल धान और 21,982 नग खाली बारदाने गायब मिले। 

81 लाख से ज्यादा का नुकसान, समिति प्रबंधक की भूमिका संदिग्ध

इस पूरे मामले से शासन को करीब 81 लाख 19 हजार 502 रुपये की आर्थिक क्षति पहुंचने का अनुमान है। जांच में सहसपुर लोहारा समिति प्रबंधक गंगादास मानिकपुरी सहित अन्य कर्मचारियों की भूमिका संदिग्ध पाई गई है। सहसपुर लोहारा धान खरीदी केंद्र के प्रभारी पर भी गंभीर आरोप लगे हैं।

See also  एफआईआर दर्ज करने के 10 साल बाद भी चार्जशीट दाखिल नहीं कर पाई पुलिस, डीजीपी को हाईकोर्ट में देना पड़ा हलफनामा, जानिए क्या है मामला…

तौल पत्रों में सिर्फ किसानों के साइन, बाकी कॉलम खाली

जांच टीम को कई ऐसे तौल पत्र मिले, जिनमें केवल किसानों के हस्ताक्षर कराए गए थे, जबकि धान खरीदी प्रभारी, फड़ प्रभारी और तौलकर्ता के हस्ताक्षर वाले कॉलम खाली छोड़े गए थे। आरोप है कि दस्तावेजों में हेरफेर कर इस गड़बड़ी को अंजाम दिया गया। पूरा मामला भौतिक सत्यापन के दौरान सामने आया, जहां सरकारी रिकॉर्ड और मौके की स्थिति में बड़ा अंतर मिला।

108 केंद्रों की जांच जारी, और FIR की संभावना 

प्रशासन का कहना है कि धान खरीदी में किसी भी तरह की अनियमितता बर्दाश्त नहीं की जाएगी। जिले में बनाए गए 108 धान उपार्जन केंद्रों की लगातार जांच की जा रही है। कबीरधाम के एसपी धर्मेंद्र सिंह ने बताया कि अब तक खरीदी केंद्रों से जुड़े लोगों पर ही कार्रवाई की गई है, विस्तृत जांच के लिए एएसपी के नेतृत्व में अलग से टीम गठित की गई है, जो इन घोटालों में अफसरों की भूमिका की जांच कर रही है। जैसे-जैसे जांच का दायरा बढ़ेगा, और मामले दर्ज होने की संभावना जताई जा रही है। इससे पहले भी कई केंद्रों में धान की कमी मिलने पर प्रभारियों के खिलाफ कार्रवाई की जा चुकी है।

See also  सीबीआर प्रसाद को रायपुर के एक्स एयरमैंस ने कहा थैंक्स