बिलासपुर। छत्तीसगढ़ हाईकोर्ट ने 2026 की स्टेटस रिपोर्ट जारी की है। रिपोर्ट के मुताबिक प्रदेश के 15 से अधिक सांसद, विधायक और अन्य नेताओं के खिलाफ 20 से ज्यादा गंभीर आपराधिक मुकदमों में सुनवाई चल रही है। इन मामलों की नियमित मॉनिटरिंग फास्ट ट्रैक कोर्ट में की जा रही है।
रायपुर की विशेष अदालत में सबसे ज्यादा हाईप्रोफाइल केस
सबसे ज्यादा हाईप्रोफाइल मामले राजधानी रायपुर की विशेष अदालतों में चल रहे हैं। इनमें पूर्व सीएम भूपेश बघेल, कैलाश मुरारका और विजय भाटिया के खिलाफ आपराधिक मामला विचाराधीन है। इसके अलावा रायपुर के प्रथम जिला एवं अतिरिक्त सत्र न्यायालय में वर्तमान विधायक कवासी लखमा के खिलाफ ACB के विशेष मामले में भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत सुनवाई चल रही है।
कोटा विधायक अटल श्रीवास्तव पर आरोप तय होंगे
बिलासपुर के CJM कोर्ट में कोटा विधायक अटल श्रीवास्तव के खिलाफ BNS की विभिन्न धाराओं के तहत मामला चल रहा है। आगामी महीने में आरोप तय होने हैं।
पूर्व सांसद मधुसूदन यादव पर 6 मामले, 3 में राहत
राजनांदगांव के विशेष न्यायालय में पूर्व सांसद मधुसूदन यादव और मोहम्मद खालिद के खिलाफ जमाकर्ताओं के हितों के संरक्षण अधिनियम के तहत 6 अलग-अलग मामले चल रहे हैं। इनमें से 3 मामलों में आरोपी नेताओं को राहत भी मिल चुकी है।
जांजगीर-चांपा में धोखाधड़ी के मामले पेंडिंग
जांजगीर-चांपा जिले में बालेश्वर साहू और गौतम राठौर के खिलाफ धोखाधड़ी के तहत IPC की धारा 420 और मारपीट के मामलों में जिला न्यायालय में अभियोजन साक्ष्य की प्रक्रिया जारी है। रिपोर्ट के अनुसार देवेन्द्र यादव समेत कई पूर्व व वर्तमान विधायकों के मामलों की भी सुनवाई चल रही है।



