बलौदाबाजार। जिले के कसडोल थाना क्षेत्र में हनी ट्रैप और ब्लैकमेलिंग की साजिश का खुलासा हुआ है। ग्राम कटगी के सरपंच और बीडीसी को झूठे सामूहिक दुष्कर्म के केस में फंसाकर वसूली की साजिश रची गई थी। पुलिस ने मामले में युवती और एक पत्रकार समेत 5 आरोपियों को गिरफ्तार किया है।
नौकरी के नाम पर दुष्कर्म का आरोप लगाया था
24 जून को 18 वर्षीय युवती ने कसडोल थाने में लिखित शिकायत दी थी। आरोप था कि ग्राम कटगी के सरपंच और बीडीसी ने नौकरी लगाने के नाम पर उसके साथ सामूहिक दुष्कर्म किया। पुलिस ने तत्काल जांच शुरू की तो पूरा मामला साजिश निकला।
3 लाख का लालच देकर कराई थी शिकायत
पूछताछ में युवती ने बताया कि उसकी सहेली और परिचित उसे गांव की एक युवती की मदद के बहाने ले गए। बाद में सरपंच-बीडीसी के खिलाफ दुष्कर्म की शिकायत दर्ज कराने के लिए तैयार किया गया। शिकायत के बदले उसे 3 लाख रुपये दिलाने का लालच दिया गया था।
जांच में खुली साजिश, 5 गिरफ्तार
पुलिस जांच में सामने आया कि आरोपियों का मकसद निर्दोष लोगों को गंभीर अपराध में फंसाने का डर दिखाकर वसूली करना था। कसडोल पुलिस ने घेराबंदी कर गिरोह के सभी 5 आरोपियों को हिरासत में लिया। पूछताछ में सभी ने जुर्म कबूल कर लिया। आरोपियों को न्यायिक रिमांड पर पेश किया गया।
इन सभी को किया गया गिरफ्तार
1. भागवत थवाईत, 27 वर्ष, निवासी कटगी, कसडोल
2. दीपक थवाईत, 18 वर्ष, निवासी कटगी, कसडोल
3. शिवा चेलक, 19 वर्ष, निवासी कटगी, कसडोल
4. विजय शंकर तिवारी, 40 वर्ष, पत्रकार, निवासी लवन
5. पूनम, 18 वर्ष, निवासी सुकली, गिधौरी



