बिलासपुर। एनटीपीसी सीपत के ऐश डैम नंबर-1 में काम के दौरान करंट लगने से मजदूर की मौत के मामले में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। जांच के बाद ठेका कंपनी आईएमएस सीप मैनेजमेंट प्राइवेट लिमिटेड के दो जिम्मेदार अधिकारियों के खिलाफ लापरवाही का केस दर्ज किया गया है।
करंट लगने के बाद पानी में गिरा, हुई मौत
मृतक 23 वर्षीय नूर मोहम्मद पश्चिम बंगाल के मालदा जिले का रहने वाला था और हेल्पर के पद पर कार्यरत था। 1 जून की सुबह वह रांक गांव स्थित ऐश डैम नंबर-1 में पोंटून पर लगे 100 HP मोटर पंप की सफाई कर रहा था। इसी दौरान उसे करंट लगा और संतुलन बिगड़ने से वह सीधे ऐश डैम के पानी में जा गिरा। पानी में भी करंट महसूस होने पर बिजली बंद की गई, लेकिन तब तक नूर की मौत हो चुकी थी।
सुरक्षा इंतजाम नाकाफी, दस्ताने तक नहीं दिए
पुलिस जांच में सामने आया कि कार्यस्थल पर सुरक्षा मानकों का पालन नहीं किया गया था। काम शुरू करने से पहले जरूरी सुरक्षा जांच नहीं कराई गई। मजदूर को सेफ्टी ग्लव्स और अन्य जरूरी सुरक्षा उपकरण भी उपलब्ध नहीं कराए गए थे। प्रत्यक्षदर्शियों के बयान और घटनास्थल निरीक्षण से लापरवाही की पुष्टि हुई है।
MD और साइट इंचार्ज पर BNS के तहत केस
जांच के आधार पर पुलिस ने आईएमएस सीप मैनेजमेंट प्राइवेट लिमिटेड के प्रबंध निदेशक पवन सूद और साइट इंचार्ज कुलदीप ठाकुर के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता BNS की धाराओं में मामला दर्ज किया है। पुलिस का कहना है कि प्राथमिक जांच में कार्यस्थल पर आवश्यक सुरक्षा इंतजाम नहीं होने की पुष्टि हुई है।



