बीजापुर।  भैरमगढ़ में आयोजित कांग्रेस कार्यकर्ता सम्मेलन में नेता प्रतिपक्ष डॉ. चरण दास महंत ने भाजपा सरकार पर जमकर हमला बोला। उन्होंने कहा कि नक्सलवाद खत्म होने के बाद अब बस्तर को उजाड़ने की योजनाएं बनाई जा रही हैं। शांति की भूमि बस्तर अब नई साजिशों का शिकार हो रही है। PCC चीफ दीपक बैज ने भी सरकार को घेरा और बस्तर की सभी 12 सीटें जीतने का लक्ष्य रखा।

‘जल-जंगल-जमीन बचाने का संकल्प’

डॉ. महंत ने कहा कि बस्तर शांति, प्रेम और भाईचारे की भूमि है, लेकिन लंबे समय से संघर्ष का साक्षी भी रहा है। राहुल गांधी के संदेश के अनुरूप हर कांग्रेस कार्यकर्ता आदिवासियों, महिलाओं, किसानों और युवाओं के साथ खड़ा है। उन्होंने बोधघाट परियोजना पर गंभीर चर्चा की जरूरत बताई और कहा कि जल, जंगल, जमीन आदिवासी समाज की पहचान हैं, इन्हें बचाने कांग्रेस संघर्ष जारी रखेगी।

दीपक बैज का वार: ‘ढाई साल में एक भी वादा पूरा नहीं’

PCC अध्यक्ष दीपक बैज ने कहा कि भाजपा सरकार ने ढाई साल में जनता से किया एक भी वादा पूरा नहीं किया। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार आदिवासियों को तेंदूपत्ता तोड़ने की अनुमति नहीं दे रही, वहीं उद्योगपतियों को बस्तर के खनिज उत्खनन की छूट दी जा रही है। उन्होंने बस्तर की सभी 12 विधानसभा सीटों पर जीत का लक्ष्य रखते हुए बूथ स्तर तक संगठन मजबूत करने का आह्वान किया। बैज बोले- बस्तर के जल, जंगल, जमीन की रक्षा सबसे बड़ी चुनौती है।

See also  मोदी कैबिनेट में जल्द होगा बड़ा बदलाव, भाजपा नेताओं की हुई हाइलेवल बैठक

इस बैठक की शुरुआत कांग्रेस जिला अध्यक्ष लालू राठौर के संबोधन से हुई। विधायक विक्रम मंडावी ने कहा कि सम्मेलन से कार्यकर्ताओं में नई ऊर्जा आएगी। सम्मेलन में बस्तर विधायक लखेश्वर बघेल, पूर्व विधायक देवती कर्मा, गुरुमुख सिंह होरा, महामंत्री मलकीत सिंह गैदु समेत महिला कांग्रेस, युवा कांग्रेस, NSUI, सेवादल के पदाधिकारी और बड़ी संख्या में कार्यकर्ता मौजूद रहे।