रायपुर। राजधानी रायपुर के धरसींवा विधानसभा क्षेत्र के नकटी गांव में हुई तोड़फोड़ की कार्रवाई को लेकर अब भाजपा के अंदर से ही बगावती सुर उठने लगे हैं। धरसींवा से तीन बार के पूर्व विधायक और भाजपा के वरिष्ठ नेता देवजी भाई पटेल ने मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय को एक पत्र लिखकर प्रशासन की कार्रवाई पर गंभीर सवाल उठाए हैं और इसे ‘अमानवीय’ करार दिया है।

अपनों के ही निशाने पर आई साय सरकार

बता दें कि नवा रायपुर के पास नकटी गांव में हाल ही में प्रशासन ने भारी पुलिस बल के साथ मिलकर कई घरों को जमींदोज कर दिया था। इस कार्रवाई से करीब 80 परिवार बेघर हो गए हैं। इस बड़ी कार्रवाई के खिलाफ अब भाजपा के कद्दावर नेता देवजी भाई पटेल मैदान में उतर आए हैं। उन्होंने मुख्यमंत्री को लिखे अपने पत्र में साफ तौर पर कहा है कि यह कार्रवाई जनप्रतिनिधियों और ग्राम पंचायत की कड़ी आपत्ति के बावजूद की गई है, जो कि पूरी तरह से गलत है।

See also  Mission 2023: 13 नवंबर को पीएम मोदी का छत्तीसगढ़ दौरा, मुंगेली और महासमुंद में सभा, रायपुर में रोड शो की तैयारी

“दूधमुंहे बच्चे बिलखते रहे…” पत्र में बयां किया पीड़ितों का दर्द

देवजी भाई पटेल ने पत्र में प्रशासन की इस कार्रवाई को बेहद क्रूरता पूर्ण बताया है। उन्होंने जमीनी हकीकत बयां करते हुए लिखा कि भारी पुलिस बल की तैनाती कर जबरन घरों से दूधमुंहे बच्चों और बुजुर्गों को रोते-बिलखते बाहर निकाला गया। घरों को तोड़े जाने की वजह से लोगों के पालतू मवेशी भी इधर-उधर लापता हो गए हैं।

ईडब्ल्यूएस (EWS) मकानों की खानापूर्ति

प्रभावितों को नवा रायपुर सेक्टर 30 में ईडब्ल्यूएस के महज एक-एक कमरे का मकान देकर खानापूर्ति की जा रही है, जहां न तो पानी की ठीक व्यवस्था है और न ही बिजली की। संयुक्त परिवारों का एक कमरे में गुजारा नामुमकिन है।

चारागाह की जमीन पर विधायक कॉलोनी बनाने का विरोध

गौरतलब है कि नकटी गांव की इस 15.4790 हेक्टेयर चारागाह भूमि पर छत्तीसगढ़ हाउसिंग बोर्ड के माध्यम से विधायकों और अधिकारियों के लिए आवासीय कॉलोनी बनाने का प्रस्ताव है। देवजी भाई पटेल ने सुप्रीम कोर्ट के पुराने फैसलों का हवाला देते हुए कहा है कि चारागाह की जमीन को किसी अन्य प्रयोजन के लिए इस्तेमाल नहीं किया जा सकता।

See also  सावधान... अब धमतरी के छाती गांव में हुई बर्ड फ्लू की पुष्टि, 300 से अधिक मुर्गियों को दफनाया गया

उन्होंने मांग की है कि विधायक कॉलोनी का निर्माण इस चारागाह भूमि के बजाय नवा रायपुर के किसी अन्य रिक्त स्थान पर किया जाए। साथ ही नकटी गांव के मूल निवासी ग्रामीणों को पुनः उसी स्थान पर ससम्मान बसाया जाए।

नवीन कुमार साहू को पत्रकारिता और डिजिटल मीडिया के क्षेत्र में 5 वर्ष से अधिक का अनुभव है। उन्होंने कुशाभाऊ ठाकरे पत्रकारिता एवं जनसंचार विश्वविद्यालय से Bachelor of Science (Electronic Media) और Master of Science (Electronic Media) की डिग्री हासिल की है। उन्होंने राजधानी रायपुर के कई प्रतिष्ठित मीडिया संस्थानों के साथ काम किया है। उन्हें छत्तीसगढ़, राष्ट्रीय समाचार, राजनीति, शिक्षा, सरकारी योजनाओं, कारोबार, तकनीक और लाइफस्टाइल से जुड़े विषयों पर लेखन का अनुभव है। वे तथ्यपरक, विश्वसनीय और SEO-अनुकूल समाचार एवं लेख तैयार करने में विशेषज्ञता रखते हैं। उनका उद्देश्य पाठकों तक सटीक और उपयोगी जानकारी सरल भाषा में पहुंचाना है।