रायपुर। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय और उनके मंत्रियों ने चिंतन शिविर 2.0 के दूसरे दिन की शुरुआत योगाभ्यास के साथ की। आईआईएम नवा रायपुर के स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स में आयोजित विशेष योग सत्र में उन्होंने मंत्रिमंडल के सदस्यों के साथ विभिन्न योगासन और प्राणायाम का अभ्यास किया।

मुख्यमंत्री साय ने इस मौके पर कहा कि सुशासन और प्रभावी निर्णय क्षमता के लिए शारीरिक एवं मानसिक रूप से स्वस्थ रहना आवश्यक है। इसी उद्देश्य से चिंतन शिविर के दौरान दिन की शुरुआत योग से की गई, ताकि सकारात्मक ऊर्जा और एकाग्रता के साथ राज्य के विकास से जुड़े विषयों पर सार्थक विचार-विमर्श किया जा सके। उन्होंने कहा कि योगाभ्यास के इस सामूहिक आयोजन से चिंतन शिविर 2.0 में सकारात्मक ऊर्जा के साथ अनुशासन और स्वस्थ जीवनशैली के संदेश को नई दिशा मिलेगी ।
योग सत्र में उपमुख्यमंत्री अरुण साव, समेत सभी मंत्री तथा आईआईएम के अधिकारी भी उपस्थित रहे।

‘एक पेड़ माँ के नाम’ अभियान के तहत किया पौधारोपण
मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने ‘भारतीय प्रबंध संस्थान (आईआईएम), नवा रायपुर में आयोजित ‘चिंतन शिविर 3.0’ के दूसरे दिन ‘एक पेड़ माँ के नाम’ अभियान के अंतर्गत पौधरोपण किया। इस अवसर पर मंत्रिपरिषद के सदस्यों ने भी पौधारोपण कर पर्यावरण संरक्षण एवं जनभागीदारी का संदेश दिया।
मुख्यमंत्री श्री साय ने कहा कि ‘एक पेड़ माँ के नाम’ अभियान पर्यावरण संरक्षण के साथ-साथ सामाजिक संवेदनाओं को सशक्त बनाने का एक महत्वपूर्ण प्रयास है। उन्होंने प्रदेशवासियों से इस अभियान से जुड़कर पौधारोपण करने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार हरित एवं विकसित छत्तीसगढ़ के निर्माण के लिए जनभागीदारी आधारित पर्यावरण संरक्षण अभियानों को निरंतर प्रोत्साहित कर रही है।



