बिलासपुर। इलाके की सड़क बदहाल है, लोगों का चलना दूभर हो गया है। सड़क की इस खस्ता हाली का विरोध करने का कांग्रेसियों ने नया तरीका निकाला। इनके द्वारा सड़क के गड्ढे में मछली डालकर जिम्मेदार लोगों का ध्यान आकर्षित किया गया।
बिलासपुर के बिल्हा विधानसभा का नगपुरा धमनी कड़ार सेवार मार्ग बर्बाद हो गया है। इस सड़क पर गड्ढे ही गड्ढे दिखाई देते हैं। कांग्रेस पार्टी के कुछ कार्यकर्ताओं ने ग्राम सेवार से गुजरने वाली इस सड़क के गड्ढों को तालाब मानकर उसमें मछली पालन शुरू कर दिया। इनका कहना है कि जब तक सड़क नहीं बनेगी तब तक इसमें मछली को पालेंगे। फिर उसे क्षेत्रीय विधायक को उपहार स्वरूप सौंपा जाएगा।

गड्ढों में मछली पालन का किया उपक्रम
बिल्हा विधानसभा के अंतर्गत आने वाले इस इलाके की मुख्य सड़क के जर्जर होने और लंबे समय तक इस ओर ध्यान दिलाए जाने के बावजूद न तो अफसरों ने, और न ही जनता के चुने हुए प्रतिनिधियों ने इसकी सुध ली। यही वजह है कि विपक्षी कांग्रेस पार्टी ने इस तरह का अनोखा प्रदर्शन कर जिम्मेदारों का ध्यान इस ओर खींचा। पार्टी के स्थानीय नेताओं ने यहां मछली लाकर सड़क पर निर्मित गड्ढे में डाला। बाद न गड्ढे में जाल डालकर मछलियों को पकड़ने का प्रयास भी किया। नेताओं ने कहा कि इन मछलियों को पकड़ कर क्षेत्रीय विधायक को भेंट किया जाएगा। बता दें कि इस इलाके के विधायक दबंग भाजपा विधायक और पूर्व विधानसभा अध्यक्ष धरमलाल कौशिक हैं।

प्रदर्शन का मजा लिया ग्रामीणों ने
कांग्रेस नेताओं के द्वारा जर्जर सड़क को लेकर किए गए इस अनूठे प्रदर्शन का ग्रामीणों ने खूब मजा लिया और इस प्रदर्शन में वे भी शामिल हुए। गांव तक पहुंचने वाली सड़क अगर खराब हो तो ग्रामीणों को इससे परेशानी होना स्वाभाविक है। यही वजह है कि ग्रामीणों ने भी इस प्रदर्शन में हिस्सा लिया।

प्रदेश के अलग-अलग इलाकों में व्याप्त समस्याओं को प्रकाश में लाने के लिए लोग नित नए तरीके से प्रदर्शन करते हैं। अब गड्ढों में बैठकर, उस पर धान की रोपाई कर और गड्ढों का नेताओं के नाम पर नामकरण करने जैसे प्रदर्शन हुए हैं। ऐसा पहली बार देखने को मिल रहा है कि लोगों ने सड़क पर निर्मित गड्ढों में मछली पालन शुरु कर दिया। उम्मीद की जानी चाहिए कि इस तरह के प्रदर्शन से इलाके के जिम्मेदार अफसरों और नेताओं का जमीर जागेगा और वे इस सड़क की सुध लेते हुए इसके जीर्णोद्धार का प्रयास करेंगे।


