रायपुर। नगर निगम जोन 10 में आयुक्त संबित मिश्रा के निर्देश पर बाबू जगजीवन राम वार्ड 53 डुंडा में ममता विहार के पास लगभग 5 एकड़ निजी भूमि पर की जा रही अवैध प्लाटिंग पर  कार्रवाई की गई। टीम ने जेसीबी से अवैध मुरम रोड काटी, जाने का रास्ता बंद किया और अवैध नींव को तोड़ा। वहीं टीम प्रहरी अभियान के तहत जोन 6 में 6 ठेलों को हटाया गया और 13 दुकानदारों पर 12,000 रुपये का ई-चालान किया गया।

जोन 10: डुंडा में 5 एकड़ पर अवैध प्लाटिंग ध्वस्त

जोन कमिश्नर मोनेश्वर शर्मा के मार्गदर्शन में कार्यपालन अभियंता गजाराम कंवर, सहायक अभियंता सुशील अहीर, उप अभियंता नवीन वर्मा सहित नगर निवेश विभाग की टीम डुंडा पहुंची।

टीम ने अज्ञात लोगों द्वारा बनाई गई अवैध मुरम सड़क को जेसीबी से काटकर रास्ता बाधित किया और स्थल पर बनी अवैध नींव को भी तोड़ दिया।

दर्ज कराया जाएगा FIR 

नगर निगम ने तहसीलदार रायपुर को पत्र लिखकर भूमि के वास्तविक स्वामी की जानकारी मांगी है। जानकारी मिलने पर राज्य शासन के अधिनियम के तहत संबंधित प्लाटिंगकर्ता पर पुलिस थाने में नामजद FIR दर्ज करवाई जाएगी।

See also  Electricity Bill Hike: पेट्रोल डीजल के बाद अब जून से महंगी हो सकती है बिजली, छत्तीसगढ़ में उपभोक्ताओं को लग सकता है करंट

जोन 6: टीम प्रहरी अभियान, 6 ठेले हटे, 12 हजार का चालान

उधर पुलिस कमिश्नर संजीव शुक्ला और कलेक्टर डॉ. गौरव कुमार सिंह के आदेश पर टीम प्रहरी अभियान चलाया गया।

नगर निगम मुख्यालय नगर निवेश उड़नदस्ता और जोन 6 की टीम ने जोन कमिश्नर हितेन्द्र यादव, कार्यपालन अभियंता दिनेश सिन्हा की उपस्थिति में टिकरापारा पुजारी पार्क के पास मुख्य मार्ग से लगभग 6 ठेलों को हटाकर मार्ग को कब्जा मुक्त किया।

साथ ही सड़क पर सामान रखने वाले करीब 13 दुकानदारों पर कुल 12,000 रुपये का ई-चालान किया गया और आगे कड़ी कार्रवाई की चेतावनी दी गई।

आयुक्त का निर्देश

आयुक्त संबित मिश्रा ने स्पष्ट किया है कि शहर में अवैध प्लाटिंग और अतिक्रमण पर लगातार कार्रवाई होगी। जनहित में यातायात सुगम बनाने और शिकायतों का त्वरित निराकरण प्राथमिकता है।