बीजापुर। इंद्रावती टाइगर रिजर्व के पासेवाड़ा कोर एरिया में बाघ खाल तस्करी के बहुचर्चित मामले में वन विभाग ने बड़ी प्रशासनिक कार्रवाई की है। विभाग ने पासेवाड़ा रेंज के रेंजर, डिप्टी रेंजर और एक बीट गार्ड को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है। मामले की जांच अभी जारी है।
3 वनकर्मी निलंबित, 7 आरोपी जेल में
जांच समिति की रिपोर्ट और सामने आए तथ्यों के आधार पर गुरुवार को विभाग ने पासेवाड़ा रेंज के रेंजर, डिप्टी रेंजर और एक बीट गार्ड को निलंबित किया।
वन विभाग के अनुसार अब तक इस मामले में 7 आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेजा जा चुका है। संदिग्धों के खिलाफ एफआईआर भी दर्ज की गई है।
बीते 3 जुलाई को इंद्रावती टाइगर रिजर्व ITR के पासेवाड़ा कोर एरिया में दो बाघों के शिकार का खुलासा हुआ था। जिस कोर एरिया में बिना अनुमति प्रवेश तक संभव नहीं है, वहां शिकारियों का पहुंचकर दो बाघों का शिकार करना वन विभाग की सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े करता है।
यह पहली बार नहीं है जब ITR की सुरक्षा और निगरानी पर सवाल उठे हों। इससे पहले भी रिजर्व और आसपास के वन क्षेत्रों में वन्यजीवों के शिकार, वन्यजीव अंगों की तस्करी और अवैध गतिविधियों को लेकर जांच हो चुकी हैं। वन विभाग ने कहा है कि जांच अभी जारी है और रिपोर्ट के आधार पर आगे भी आवश्यक विभागीय कार्रवाई की जाएगी।



