रायपुर। राजधानी रायपुर में खुद को भारत सरकार का अधिकारी बताकर ठगी करने वाले शातिर युवक को पुलिस ने गिरफ्तार किया है। आरोपी रजनीश कुमार राय लोगों को सरकारी नौकरी, ट्रांसफर और पोस्टिंग दिलाने का झांसा देकर लाखों रुपये ऐंठता था। भरोसा दिलाने के लिए वह फर्जी ID, एडिटेड फोटो और कार पर “भारत सरकार” तक लिखवाकर घूमता था।

इस तरह फंसाता था लोगों को

सिविल लाइन निवासी गुरु नारायण ने पुलिस में शिकायत की थी। दरअसल 2 साल पहले ट्रेन में मुलाकात के दौरान आरोपी ने खुद को स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्रालय में सहायक आयुक्त बताया। दावा किया कि केंद्र सरकार के बड़े अधिकारियों तक उसकी सीधी पहुंच है। उसने सरकारी विभागों में ट्रांसफर, पोस्टिंग और नौकरी दिलाने का भरोसा दिलाते हुए 5 लाख रुपये की मांग की।

शिकायतकर्ता को भरोसे में लेने के लिए आरोपी ने अलग-अलग मंत्रालयों और विभागों के फर्जी पहचान-पत्र दिखाए। समय बीतने पर जब उसे संदेह हुआ तो उसने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई। संदेह होने पर पीड़ित ने सिविल लाइन थाने में शिकायत दर्ज कराई।

See also  13 नए अनुविभागों और 18 नई तहसीलों का मुख्यमंत्री ने किया शुभारंभ

पुलिस ने किया गिरफ्तार

DCP क्राइम एवं साइबर स्मृतिक राजनाला के निर्देश पर एंटी क्राइम, सिविल लाइन और तेलीबांधा पुलिस की संयुक्त टीम ने तकनीकी जांच के बाद आरोपी रजनीश कुमार राय उर्फ छोटू राय (29 वर्ष) को गिरफ्तार किया। आरोपी मूलतः बक्सर, बिहार का रहने वाला है और वर्तमान में अमलेश्वर, दुर्ग में रहता था।

पूछताछ में उसने स्वीकार किया कि वह इसी तरीके से लोगों को ठगता था। पुलिस ने उसके पास से फर्जी ID कार्ड और दस्तावेज, मोबाइल, लैपटॉप, 3 सिम कार्ड, नकदी और कार जब्त किया है।

छत्तीसगढ़ से लेकर बिहार तक फैला रखा था जाल

जांच में पता चला कि आरोपी ने छत्तीसगढ़ और बिहार के कई लोगों को शिकार बनाया। ठगी की रकम से वह महंगे मोबाइल, लैपटॉप और लग्जरी शॉपिंग करता था।

आरोपी से जब्त सभी इलेक्ट्रॉनिक उपकरणों की फॉरेंसिक जांच की जा रही है। पुलिस को आशंका है कि पूछताछ में ठगी के और पीड़ितों और बड़े नेटवर्क का खुलासा हो सकता है। आरोपी को रिमांड पर लेकर जांच जारी है।

See also  देर रात शहर की गलियों में घूमते नजर आए SSP प्रशांत अग्रवाल, 168 अपराधियों पर की धरपकड़ कार्रवाई