CG News: रायपुर। छत्तीसगढ़ विधानसभा परिसर में बुधवार को नवनिर्मित प्रेक्षागृह का राज्यपाल रमेन डेका ने लोकार्पण किया। इस अवसर पर आयोजित उत्कृष्टता अलंकरण समारोह में उत्कृष्ट संसदीय कार्य के लिए बिल्हा विधायक धरमलाल कौशिक और अकलतरा विधायक राघवेंद्र कुमार सिंह को उत्कृष्ट विधायक अलंकरण से सम्मानित किया गया। संसदीय पत्रकारिता के क्षेत्र में दैनिक पत्रिका के संवाददाता संतराम साहू तथा इलेक्ट्रॉनिक मीडिया में आईबीसी-24 के सौरभ सिंह परिहार और डॉ. राजेश राज को सम्मान प्रदान किया गया।
राज्यपाल रमेन डेका ने कहा कि छत्तीसगढ़ विधानसभा उत्कृष्ट कार्य संस्कृति और स्वस्थ संसदीय परंपराओं का जीवंत उदाहरण है। उन्होंने कहा कि लोकतंत्र में विधानसभा लोकसेवा का मंदिर है, जिसकी गरिमा जनप्रतिनिधियों के आचरण और व्यवहार से बनी रहती है। उन्होंने पक्ष और प्रतिपक्ष के बीच समन्वय और स्वस्थ संसदीय परंपराओं की सराहना की।
मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने कहा कि विधानसभा प्रदेश के विकास और जनहित के संकल्पों को साकार करने का सशक्त मंच है। उन्होंने कहा कि छत्तीसगढ़ विधानसभा देश की पहली और एकमात्र ऐसी विधानसभा है, जहां गर्भगृह में किसी विधायक के प्रवेश करते ही वह स्वतः निलंबित हो जाता है। उन्होंने इसे संसदीय अनुशासन और लोकतांत्रिक मूल्यों के प्रति प्रतिबद्धता का उदाहरण बताया।
मुख्यमंत्री ने लोकतंत्र में पत्रकारिता की भूमिका को महत्वपूर्ण बताते हुए कहा कि संसदीय पत्रकार जनता और विधानसभा के बीच सेतु का कार्य करते हैं। उन्होंने सम्मानित पत्रकारों और विधायकों को बधाई देते हुए उनके योगदान की सराहना की।
विधानसभा अध्यक्ष डॉ. रमन सिंह ने कहा कि नवीन विधानसभा भवन के बाद प्रेक्षागृह का लोकार्पण विधानसभा के विकास की एक और महत्वपूर्ण उपलब्धि है। उन्होंने कहा कि छत्तीसगढ़ विधानसभा ने उत्कृष्ट संसदीय परंपराएं स्थापित कर लोकतांत्रिक मूल्यों को मजबूत किया है।
समारोह में प्रसिद्ध भजन गायक अनूप जलोटा ने भजनों की प्रस्तुति दी। कार्यक्रम में उप मुख्यमंत्री अरुण साव, उप मुख्यमंत्री विजय शर्मा, संसदीय कार्य मंत्री केदार कश्यप, नेता प्रतिपक्ष डॉ. चरणदास महंत, विधायकगण, वरिष्ठ अधिकारी, पत्रकार और गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।


