कोरबा। छत्तीसगढ़ में एक ओर नशा प्रेमियों को शराब मुहैया कराने का जिम्मा खुद सरकार ने उठा रखा है, वहीं दूसरी ओर बढ़ती जा रही नशाखोरी से परेशान लोग अब नशामुक्ति की जुगत लगाने में जुट गए हैं। कोरबा जिले के एक गांव के लोगों ने नशामुक्ति का संकल्प ही उठा लिया है।

जिले के दीपका थाना क्षेत्र अंतर्गत आने वाले ग्राम पंचायत झाबर को पूर्ण नशा मुक्त बनाने के लिए ग्रामीणों ने कड़ा फैसला लिया है। नशाखोरी के कारण बदनाम इस गांव में अब शराब या कोई अन्य नशीला पदार्थ बेचने पर 10,000 रुपये और पीने पर 5,000 रुपये का जुर्माना वसूला जाएगा। निगरानी के लिए महिला कमांडो समिति का भी गठन किया गया है।

दीपका थाना प्रभारी प्रेमचंद साहू के प्रयासों से ग्राम पंचायत झाबर में विशेष सभा आयोजित हुई। बैठक में पुलिस और ग्रामीणों ने मिलकर गांव से नशे की बुराई जड़ से खत्म करने का सामूहिक संकल्प लिया। सभा में प्रशिक्षु सब इंस्पेक्टर निखिल देवांगन, जवान अंकित पांडे और  मुकेश यादव भी मौजूद रहे।

See also  न्यायालय से बड़ी राहत: कांग्रेस विधायक बालेश्वर साहू को सशर्त जमानत

महिला कमांडो करेगी निगरानी

नशामुक्ति के लिए गांव में बनाए गए नियमों का कड़ाई से पालन कराने और अवैध गतिविधियों पर पैनी नजर रखने के लिए एक महिला कमांडो समिति का गठन किया गया है। यह टीम पुलिस प्रशासन के समन्वय से पूरे गाँव में गश्त और निगरानी का जिम्मा संभालेगी ।

कड़े दंड और जुर्माने का प्रावधान

गांव को नशा मुक्त करने के लिए सभा में सर्वसम्मति से प्रस्ताव पारित कर भारी जुर्माने का प्रावधान किया गया है ।

1. शराब बनाने और बेचने पर पूर्ण प्रतिबंध:- यदि कोई व्यक्ति गांव में शराब या अन्य कोई नशीला पदार्थ बेचते या बनाते पाया गया तो उस पर 10,000 रुपये का आर्थिक दंड (जुर्माना) लगाया जाएगा ।

01. खरीदने वालों पर कार्रवाई:- नशीले पदार्थों के खरीदारों पर भी 5,000 रुपये का जुर्माना तय किया गया है ।

03. सार्वजनिक स्थानों पर पीने पर रोक:- गांव के किसी भी आम या सार्वजनिक स्थान पर नशा करते या शराब पीते पकड़े जाने पर 5,000 रुपये का कड़ा जुर्माना वसूला जाएगा ।

See also  India-China Border Dispute: 60 साल से भारत का है अरुणाचल प्रदेश, चीन को अमेरिका की खरी-खरी

बड़ी संख्या में ग्रामीण रहे मौजूद

इस महत्वपूर्ण और निर्णायक बैठक में ग्राम पंचायत के सरपंच रामसिंह कंवर सहित बड़ी संख्या में गांव के प्रबुद्ध नागरिक और जन प्रतिनिधि उपस्थित रहे।

पुलिस प्रशासन और ग्राम पंचायत की इस संयुक्त मुहिम की क्षेत्र में काफी सराहना हो रही है और उम्मीद जताई जा रही है कि ग्राम पंचायत झाबर जल्द ही क्षेत्र का एक आदर्श नशा मुक्त गांव बनेगा ।