छत्तीसगढ़ के समोदा में अफीम खेती मामले में 939 पन्नों की चार्जशीट पेश, 79 गवाह, मक्के की फसल के बीच उगाई गई थी अफीम
छत्तीसगढ़ के समोदा में अफीम खेती मामले में 939 पन्नों की चार्जशीट पेश, 79 गवाह, मक्के की फसल के बीच उगाई गई थी अफीम

Durg Opium Cultivation Case: दुर्ग-भिलाई। छत्तीसगढ़ के दुर्ग जिले के ग्राम समोदा में मक्के की फसल के बीच अवैध अफीम की खेती के बहुचर्चित मामले में जेवरा सिरसा पुलिस ने गुरुवार को न्यायालय में 939 पन्नों की चार्जशीट पेश कर दी। पुलिस ने इस मामले में गिरफ्तार आठ आरोपियों को आरोपी बनाया है, जबकि दो आरोपी अब भी फरार हैं।

चार्जशीट में कुल 79 लोगों को गवाह बनाया गया है। पुलिस के अनुसार चार्जशीट में विकास विश्नोई, विनायक ताम्रकार, मनीष ठाकुर, छोटूराम, रणछोड़ राम, सुनील देवासी, मदरूपा राम और सुखाराम को आरोपी बनाया गया है। वहीं अचला राम और श्रवण विश्नोई अभी भी फरार हैं। दोनों पर तीन-तीन हजार रुपये का इनाम घोषित किया गया है।

Durg Opium Cultivation Case: 79 गवाहों के बयान शामिल

चार्जशीट में कुल 79 गवाहों को शामिल किया गया है। इनमें नारकोटिक्स विभाग के एक टीआई और एक एसआई, एफएसएल की वैज्ञानिक, तहसीलदार, तीन एएसआई, दो एसआई, तीन प्रधान आरक्षक, दो महिला आरक्षक, 14 आरक्षक सहित राजस्व, आबकारी और अन्य विभागों के अधिकारी-कर्मचारी शामिल हैं। इसके अलावा जिस जमीन पर अफीम की खेती की गई थी, उससे जुड़े आवेदन, शपथ-पत्र तथा रायपुर निवासी प्रीतिबाला और मधुमति ताम्रकार से संबंधित दस्तावेजों को भी साक्ष्य के रूप में शामिल किया गया है।

See also  कोरोना वायरसः आखिर क्यों 83 डॉक्टरों ने मोदी से की कोरेंटाइन में जाने की गुहार!

Durg Opium Cultivation Case: 6 मार्च को हुआ था अफीम की अवैध खेती का खुलासा

मामले का खुलासा 6 मार्च 2026 को हुआ था, जब पुलिस को ग्राम समोदा में अवैध अफीम की खेती की सूचना मिली। इसके बाद सीएसपी कार्यालय के नेतृत्व में नारकोटिक्स कंट्रोल ब्यूरो (एनसीबी), एफएसएल, राजस्व और आबकारी विभाग की संयुक्त टीम गठित की गई। अगले दिन टीम ने खेत का निरीक्षण किया, जहां एफएसएल की जांच में अफीम की खेती की पुष्टि हुई।

Durg Opium Cultivation Case: मक्के की फसल के बीच उगाई गई थी अफीम

जांच में सामने आया कि लगभग 5.609 एकड़ भूमि पर मक्के की फसल के बीच अफीम के पौधे लगाए गए थे ताकि किसी को संदेह न हो। मौके से विकास विश्नोई को हिरासत में लिया गया, जिसकी पूछताछ के आधार पर पूरे नेटवर्क का खुलासा हुआ।

एनसीबी की गाइडलाइन के अनुसार खेत का आकलन करने पर वहां 14 लाख 30 हजार 100 अफीम के पौधे पाए गए, जिनका अनुमानित वजन करीब 62 हजार किलोग्राम आंका गया। इसके अलावा खेत के समीप से 66.33 किलोग्राम अफीम डोडा भी बरामद किया गया।

See also  साइंस का करिश्मा, मृत बेटी को फिर मां से मिलाया,भावुक कर देगा वीडियो

Durg Opium Cultivation Case: पूछताछ में सामने आया नेटवर्क

पुलिस पूछताछ में विकास विश्नोई ने विनायक ताम्रकार, मनीष ठाकुर, श्रवण विश्नोई और अचला राम के साथ मिलकर अफीम की खेती करने की बात स्वीकार की। इसके बाद पुलिस ने विनायक ताम्रकार और मनीष ठाकुर को गिरफ्तार किया।

जांच के दौरान अफीम, अफीम के बीज, खेती में उपयोग किए गए उपकरण, हिसाब-किताब के रजिस्टर, मोबाइल फोन, बैंक पासबुक, एटीएम कार्ड, चेकबुक, ट्रैक्टर, जेसीबी, हार्वेस्टर, मोटरसाइकिल, सिंचाई पंप, स्प्रिंकलर और सीसीटीवी कैमरे सहित कई सामान जब्त किए गए। इसके अलावा राजस्थान और छत्तीसगढ़ में अलग-अलग स्थानों पर छापेमारी कर अफीम डोडा के कारोबार से जुड़े पांच अन्य आरोपियों को भी गिरफ्तार किया गया।