स्मार्टफोन पर आधार ऐप के जरिए मोबाइल नंबर अपडेट की प्रक्रिया
UIDAI ने आधार ऐप में मोबाइल नंबर अपडेट करने की सुविधा शुरू की, पात्र उपयोगकर्ता अब घर बैठे आवेदन कर सकेंगे।

Aadhaar App Update: आधार धारकों के लिए बड़ी राहत की खबर है। भारतीय विशिष्ट पहचान प्राधिकरण (UIDAI) ने आधार ऐप में मोबाइल नंबर अपडेट करने की नई सुविधा जोड़ दी है। अब पात्र उपयोगकर्ता घर बैठे ही अपने आधार से जुड़े मोबाइल नंबर को अपडेट करने के लिए आवेदन कर सकेंगे। हालांकि यह सुविधा केवल उन्हीं लोगों के लिए उपलब्ध होगी, जिनका पुराना मोबाइल नंबर अभी भी आधार से लिंक और सक्रिय है तथा उस पर OTP प्राप्त हो सकता है।

अब आधार ऐप से ऐसे करें मोबाइल नंबर अपडेट

मोबाइल नंबर अपडेट करने के लिए सबसे पहले अपने स्मार्टफोन में आधार ऐप डाउनलोड कर रजिस्ट्रेशन करना होगा। इसके बाद आधार नंबर दर्ज कर पुराने पंजीकृत मोबाइल नंबर पर प्राप्त OTP से सत्यापन किया जाएगा। इसके बाद फेस ऑथेंटिकेशन पूरा कर सुरक्षा PIN सेट करना होगा। रजिस्ट्रेशन पूरा होने के बाद ऐप के Services सेक्शन में जाकर Mobile Number Update विकल्प चुनना होगा।

See also  अभिनेता गोविंदा की बिगड़ी तबीयत, अस्पताल में भर्ती, हालत स्थिर

आधार ऐप से कैसे करें मोबाइल नंबर अपडेट?

  • आधार ऐप डाउनलोड कर रजिस्ट्रेशन करें।
  • आधार नंबर दर्ज कर पुराने मोबाइल नंबर पर आए OTP से सत्यापन करें।
  • फेस ऑथेंटिकेशन पूरा करें और सुरक्षा PIN सेट करें।
  • Services सेक्शन में जाकर Mobile Number Update चुनें।
  • पुराने नंबर पर आए OTP से पहचान सत्यापित करें।
  • नया मोबाइल नंबर दर्ज करें और उस पर आए OTP का सत्यापन करें।
  • फेस ऑथेंटिकेशन पूरा करें।
  • ₹75 का ऑनलाइन शुल्क जमा करें।
  • आवेदन सफल होने के बाद अपडेट प्रक्रिया शुरू होगी।

कितने समय में अपडेट होगा नंबर?

UIDAI के अनुसार, आवेदन स्वीकार होने के बाद मोबाइल नंबर अपडेट की प्रक्रिया शुरू हो जाएगी। न्यूनतम 24 घंटे के भीतर नया मोबाइल नंबर आधार रिकॉर्ड में अपडेट किया जाएगा। पूरी ऑनलाइन आवेदन प्रक्रिया लगभग 5 मिनट में पूरी की जा सकती है।

किन लोगों को नहीं मिलेगी यह सुविधा?

यदि आपका पुराना मोबाइल नंबर बंद हो चुका है, सिम खो गई है या उस नंबर पर OTP प्राप्त नहीं हो सकता, तो आप आधार ऐप के जरिए मोबाइल नंबर अपडेट नहीं कर पाएंगे। ऐसी स्थिति में आपको आवश्यक दस्तावेजों के साथ नजदीकी आधार सेवा केंद्र जाना होगा, जहां बायोमीट्रिक सत्यापन के बाद ₹75 शुल्क जमा कर मोबाइल नंबर अपडेट कराया जा सकेगा।

See also  Unlock Raipur: सामाजिक कार्यक्रम में बजा सकेंगे डीजे, धुमाल और बैंड बाजा, इन शर्तों के साथ मिली अनुमति

पहले क्या था, अब क्या बदला?

पहले आधार ऐप के जरिए केवल पता (Address) अपडेट करने जैसी सीमित सुविधाएं उपलब्ध थीं। मोबाइल नंबर बदलवाने के लिए आधार सेवा केंद्र जाना अनिवार्य था। अब UIDAI ने आधार ऐप में मोबाइल नंबर अपडेट की सुविधा जोड़कर डिजिटल सेवाओं का दायरा बढ़ा दिया है। इससे लाखों आधार धारकों को घर बैठे यह सुविधा मिल सकेगी, बशर्ते उनका पुराना मोबाइल नंबर सक्रिय हो।