रायपुर। राजधानी रायपुर के फाफाडीह स्थित वॉलफोर्ट ओजोन परिसर में संचालित भारत ग्रुप पर सैकड़ों लोगों ने करोड़ों की ठगी का आरोप लगाया है।

पीड़ितों का कहना है कि कंपनी ने अगरबत्ती मशीन, बायबैक गारंटी और घर बैठे रोजगार का लालच देकर 1.10 से 1.20 लाख रुपये प्रति मशीन वसूले। लेकिन न मशीनें ठीक से चलीं, न कंपनी ने तैयार माल खरीदा।

विभिन्न जिलों से आए पीड़ितों ने जनदर्शन में कलेक्टर को ज्ञापन सौंपा और रायपुर पुलिस कमिश्नरेट पहुंचकर कंपनी संचालकों के खिलाफ FIR दर्ज करने की मांग की।

घर बैठे रोजगार” का झांसा

शिकायतकर्ताओं का कहना है कि कंपनी ने सोशल मीडिया, विज्ञापनों और प्रचार-प्रसार के माध्यम से लोगों को घर बैठे रोजगार उपलब्ध कराने का दावा किया था। कंपनी ने भरोसा दिलाया था कि अगरबत्ती बनाने की मशीन लगाने के बाद प्रतिदिन 80 से 100 किलोग्राम तक उत्पादन होगा और तैयार माल को कंपनी स्वयं तय दर पर खरीद लेगी। इसके अलावा मशीन की सर्विसिंग, रखरखाव और तकनीकी सहायता की जिम्मेदारी भी कंपनी द्वारा लेने का आश्वासन दिया गया था। इन्हीं वादों पर भरोसा कर बड़ी संख्या में लोगों ने निवेश किया।

हकीकत से सामना हुआ तो माथा पीट लिया

पीड़ितों का आरोप है कि कंपनी की बातों पर विश्वास करते हुए उन्होंने अपनी जीवनभर की जमा पूंजी लगाने के साथ कई लोगों ने कर्ज लेकर भी मशीनें खरीदीं। एक मशीन की कीमत लगभग 1.10 लाख से 1.20 लाख रुपये तक बताई गई। मशीन मिलने के बाद जब उसका संचालन शुरू किया गया तो अधिकांश मशीनें ठीक से काम ही नहीं कर सकीं। कई मशीनें पूरी तरह बंद पड़ी हैं, जबकि जो मशीनें चल रही हैं, वे कंपनी द्वारा किए गए दावे के मुकाबले बेहद कम उत्पादन दे रही हैं। शिकायतकर्ताओं का कहना है कि मशीनें प्रतिदिन 80 से 100 किलो उत्पादन करने के बजाय 15 से 20 किलो अगरबत्ती भी नहीं बना पा रही हैं। कंपनी के धोखे के चलते आज वे सभी पछता रहे हैं।

See also  CG Weather Update : रायपुर समेत छत्तीसगढ़ में बदलेगा मौसम: आज गिर सकते हैं ओले, जानें अगले 4 दिनों का हाल और प्रशासन की तैयारी

टैक्स और बिल में गड़बड़ी

पीड़ितों का कहना है कि मशीन बेचते समय कंपनी ने वैध जीएसटी बिल उपलब्ध नहीं कराया। अधिकांश ग्राहकों को केवल कच्चा चालान दिया गया, जिससे पूरे लेन-देन पर सवाल खड़े हो रहे हैं। शिकायतकर्ताओं ने इस मामले की जांच कर संभावित टैक्स चोरी की भी जांच कराने की मांग की है।

कच्चे माल में कम वजन

आरोप यह भी लगाया गया है कि कंपनी ने मशीनों का सही तरीके से इंस्टॉलेशन नहीं कराया और तकनीकी सहायता भी उपलब्ध नहीं कराई। कई बार शिकायत करने के बावजूद समस्या का समाधान नहीं किया गया। इससे लोगों का निवेश पूरी तरह फंस गया और उन्हें आर्थिक नुकसान उठाना पड़ा।

बायबैक से मुकर गई कंपनी

कंपनी ने तैयार अगरबत्ती खरीदने का वादा किया था, लेकिन उत्पादन होने के बाद अलग-अलग बहाने बनाकर माल लेने से इनकार कर दिया। इससे बड़ी मात्रा में तैयार माल गोदामों और घरों में पड़ा-पड़ा खराब हो गया। कई मामलों में गुणवत्ता या रिजेक्शन का हवाला देकर भुगतान रोक दिया गया अथवा मनमानी कटौती की गई। इससे लोगों को दोहरी आर्थिक मार झेलनी पड़ी।

See also  जाति के मामले ने पकड़ा तूल : विधायक शकुंतला पोर्ते के जाति प्रमाण पत्र विवाद पर सुनवाई फिर टली, नाराज आदिवासियों ने दिया धरना

अब धमकी और दबाव

शिकायतकर्ताओं ने यह भी आरोप लगाया कि जब उन्होंने मशीनों की खराबी, कम वजन वाले कच्चे माल या भुगतान में देरी को लेकर सवाल उठाए, तब कंपनी के संचालकों और कर्मचारियों ने अनुबंध समाप्त करने तथा कानूनी कार्रवाई की धमकी दी। कुछ पीड़ितों का कहना है कि उनसे दबाव बनाकर माफीनामा तक लिखवाने की कोशिश की गई, जिससे वे शिकायत न करें।

पीड़ितों की मांग: जांच, रिफंड और एफआईआर 

जनदर्शन में दिए गए आवेदन में पीड़ितों ने पूरे मामले की निष्पक्ष और विस्तृत जांच कराने की मांग की है। उन्होंने कंपनी के वित्तीय लेन-देन, मशीनों की गुणवत्ता, जीएसटी बिल, नापतौल और बायबैक व्यवस्था की जांच करने की अपील की है। साथ ही दोषपूर्ण मशीनें वापस लेने, जमा राशि ब्याज सहित लौटाने, हुए आर्थिक नुकसान का मुआवजा देने और कंपनी के संचालकों के खिलाफ धोखाधड़ी, आपराधिक विश्वासघात एवं धमकी देने जैसी धाराओं में मामला दर्ज करने की मांग की है। 

See also  CG CONGRESS: दीपक बैज का बड़ा हमला: 'पीएम मोदी तत्काल इस्तीफा दें, छत्तीसगढ़ में UCC लागू कर आदिवासियों की जमीन हड़पने की साजिश'

फिलहाल मामले में पीड़ितों ने प्रशासन और पुलिस से कार्रवाई की गुहार लगाई है। इस संबंध में संबंधित अधिकारियों की जांच और कंपनी का पक्ष सामने आना अभी बाकी है। जांच के बाद ही आरोपों की पुष्टि और आगे की वैधानिक कार्रवाई तय होगी।

FAQ: भारत ग्रुप अगरबत्ती मशीन ठगी मामला

सवाल 1. किस पर आरोप ?

फाफाडीह, वॉलफोर्ट ओजोन स्थित भारत ग्रुप पर

सवाल 2. ठगी का तरीका

अगरबत्ती मशीन + बायबैक + घर बैठे रोजगार का लालच देकर 1.10-1.20 लाख वसूले

सवाल 3. मुख्य समस्या क्या ?

मशीनें कम उत्पादन कर रही हैं, कंपनी तैयार माल नहीं खरीद रही, GST बिल नहीं दिया

सवाल 4. पीड़ितों ने कहां शिकायत की ?

जनदर्शन में कलेक्टर और पुलिस कमिश्नरेट, रायपुर

सवाल 5. पीड़ित क्या चाहते हैं?

मशीन रिटर्न, पैसा वापस, मुआवजा और कंपनी पर FIR