सांसद बृजमोहन ने CM साय और गृहमंत्री शर्मा को लिखा पत्र, कानून व्यवस्था की हालत पर जताई चिंता, देखें लेटर
सांसद बृजमोहन ने CM साय और गृहमंत्री शर्मा को लिखा पत्र, कानून व्यवस्था की हालत पर जताई चिंता, देखें लेटर

Raipur City News: रायपुर। छत्तीसगढ़ के रायपुर की कानून-व्यवस्था को और अधिक प्रभावी बनाने के लिए सांसद बृजमोहन अग्रवाल ने मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय और गृह मंत्री विजय शर्मा को पत्र लिखकर पुलिस व्यवस्था में व्यापक सुधार की मांग की है। उन्होंने राजधानी की सुरक्षा, अपराध नियंत्रण और यातायात व्यवस्था को मजबूत करने के लिए कई महत्वपूर्ण सुझाव दिए हैं।

सांसद ने अपने पत्र में रायपुर पुलिस कमिश्नरेट और ग्रामीण पुलिस के पुनर्गठन की आवश्यकता बताते हुए शहरी क्षेत्रों के साथ स्वामी विवेकानंद एयरपोर्ट को भी कमिश्नरेट क्षेत्र में शामिल करने का सुझाव दिया है। उनका कहना है कि इससे पुलिसिंग अधिक प्रभावी होगी और सुरक्षा व्यवस्था मजबूत होगी।

500 अतिरिक्त पुलिसकर्मियों की अस्थायी तैनाती का आग्रह

बृजमोहन अग्रवाल ने पुलिस विभाग में 660 से अधिक रिक्त पदों पर शीघ्र भर्ती करने की मांग की है। साथ ही तत्काल राहत के लिए 500 अतिरिक्त पुलिसकर्मियों की अस्थायी तैनाती करने का भी आग्रह किया है, ताकि बढ़ते कार्यभार और अपराध नियंत्रण में पुलिस को मजबूती मिल सके। उन्होंने राजधानी में बढ़ते ट्रैफिक दबाव को देखते हुए यातायात पुलिस बल बढ़ाने का भी सुझाव दिया है। इसके अलावा पुलिस के बेहतर संचालन के लिए नए कार्यालय भवनों के निर्माण और आवश्यक शासकीय वाहन उपलब्ध कराने की मांग भी की है।

See also  RTI की ई-फाइलिंग के लिए विभाग से जिलों तक नियुक्त होंगे नोडल अधिकारी, स्व पंजीयन नहीं कराने पर नगरीय निकायों को भेजा शो कॉज नोटिस

सुझावों को गंभीरता से लेने की जताई उम्मीद

सांसद ने अपने पत्र में कहा कि तेजी से बढ़ती आबादी और शहरी विस्तार को देखते हुए रायपुर में पुलिस संसाधनों और ढांचे को मजबूत करना समय की आवश्यकता है। उन्होंने उम्मीद जताई कि राज्य सरकार उनके सुझावों पर गंभीरता से विचार कर राजधानी की कानून-व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़ बनाने के लिए आवश्यक कदम उठाएगी।