Fertilizer Crisis Farmers Protest: खेती के सीजन में खाद के लिए भटक रहे किसानों का गुस्सा उस वक्त फूट पड़ा जब आरंग के समोदा स्थित मेसर्स महानदी बीज भंडार में कृषि विभाग द्वारा सील की गई 35.05 मीट्रिक टन खाद की नीलामी अचानक रद्द हो गई। यहां सैकड़ों किसान सड़क पर उतर आए और समोदा-लवन मुख्य मार्ग जाम कर दिया।

कृषि विभाग ने पिछले दिनों महानदी बीज भंडार से 35.05 मीट्रिक टन खाद जब्त कर दुकान सील कर दी थी। विभाग ने इस खाद की खुली नीलामी तय की थी। सूचना मिलते ही आसपास के गांवों से सैकड़ों किसान समोदा पहुंचे। लेकिन मौके पर पता चला कि दुकान संचालक कोर्ट से स्टे ऑर्डर ले आया है और दुकान बंद है। इससे किसान भड़क गए।

किसानों ने लगाया ये आरोप

गुस्साए किसानों ने कृषि अधिकारियों के खिलाफ नारेबाजी की और समोदा-लवन रोड पर बैठकर चक्काजाम कर दिया। किसानों का कहना है – “एक तरफ सोसायटी और बाजार में खाद नहीं मिल रही, फसलें खराब हो रही हैं। दूसरी तरफ जो खाद जब्त हुई है उसे अधिकारियों की मिलीभगत से नीलामी नहीं होने दे रहे। किसानों को बेवकूफ बनाया जा रहा है।”

See also  ड्रग्स क्वीन नव्या मलिक ने कबूला अनवर ढेबर, शोएब ढेबर समेत बड़े कारोबारियों से कनेक्शन! एक राजनीतिक पार्टी से जुड़ी युवा नेत्री भी शामिल

कई किमी लंबा जाम, प्रशासन के उड़े होश

चक्काजाम से समोदा-लवन मार्ग के दोनों तरफ वाहनों की लंबी कतार लग गई। बस, ट्रक और यात्री वाहन घंटों फंसे रहे। राहगीरों को भारी दिक्कत हुई। सूचना मिलते ही आरंग पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी भारी बल के साथ मौके पर पहुंचे।

प्रशासन समझाइश में जुटा

मौके पर पहुंचे अधिकारी किसानों को समझाने और यातायात बहाल करने में जुट गए, लेकिन किसान खाद का तत्काल वितरण और मामले के तुरंत निपटारे की मांग पर अड़े रहे। काफी समय बाद मार्ग को खुलवाया जा सका।

कानूनी प्रक्रिया बनी किसानों की चिंता

यह मामला ऐसे समय सामने आया है जब खरीफ सीजन अपने महत्वपूर्ण दौर में है और किसानों के लिए समय पर खाद की उपलब्धता बेहद जरूरी है। नीलामी पर न्यायालय के स्टे के बाद अब किसानों की नजर प्रशासन की अगली कार्रवाई और वैकल्पिक व्यवस्था पर टिकी हुई है।