Sourav Ganguly Death Threats: कोलकाता। पूर्व भारतीय क्रिकेट कप्तान सौरव गांगुली और उनकी पत्नी डोना गांगुली को जान से मारने की धमकी मिली है। गांगुली परिवार ने कोलकाता के ठाकुरपुकुर पुलिस स्टेशन में इसकी लिखित शिकायत दर्ज कराई गई है। घटना के बाद पश्चिम बंगाल सुरक्षा विभाग हरकत में आ गया है और गांगुली परिवार की सुरक्षा का रिव्यू किया जा रहा है।
Sourav Ganguly Death Threats: कूरियर से धमकी भरे पत्र आए
पुलिस के अनुसार सोमवार को बंगाल क्रिकेट संघ (CAB) के दफ्तर में एक कूरियर पैकेट पहुंचा। लिफाफा खोलने पर उसमें अंग्रेजी में लिखे दो पत्र मिले, जिनमें सौरव गांगुली, उनकी पत्नी डोना और उनके साथ काम करने वाले कर्मचारियों को ‘खत्म करने’ (जान से मारने) की सीधी धमकी दी गई थी।
Sourav Ganguly Death Threats: 6 महीने से मिल रहे थे लेटर, गांगुली ने नजरअंदाज किया
गांगुली परिवार के सूत्रों के अनुसार, इस तरह के पत्र पिछले 6 महीने से लगातार मिल रहे थे। शुरुआती दिनों में परिवार ने इन्हें किसी सिरफिरे फैन या निजी नाराजगी जताने वाले व्यक्ति की हरकत समझकर नजरअंदाज कर दिया था। लेकिन सोमवार को आए पत्रों में बेहद आक्रामक और हिंसक भाषा का इस्तेमाल किया गया था, जिसके बाद मामले को गंभीरता से लेते हुए तुरंत पुलिस से संपर्क किया गया।


