Raipur: छत्तीसगढ़ की साय सरकार ने महिलाओं के लिए चलाई जा रही महतारी वंदन योजना का दायरा बढ़ाने जा रही है। अब महतारी वंदन योजना का लाभ सिर्फ विवाहित महिलाओं तक सीमित नहीं रहेगा। सरकार 40 वर्ष से अधिक उम्र की अविवाहित महिलाओं को भी योजना में शामिल करने की तैयारी कर रही है। इसके लिए पूरे प्रदेश में सर्वे शुरू कर दिया गया है।
महिला एवं बाल विकास विभाग के निर्देश पर जिलों में 40 वर्ष से अधिक उम्र की अविवाहित महिलाओं की पहचान के लिए सर्वे कराया जा रहा है। सर्वे में महिलाओं की संख्या और पात्रता से जुड़ी जानकारी जुटाई जा रही है।
क्या है वर्तमान योजना ?
वर्तमान में योजना के तहत सिर्फ पात्र विवाहित महिलाओं को हर महीने आर्थिक सहायता दी जाती है। अब विस्तार के बाद 40+ उम्र की अविवाहित महिलाएं भी निर्धारित शर्तें पूरी करने पर लाभार्थी सूची में जुड़ेंगी। प्रारंभिक आंकड़ों के अनुसार प्रदेश में 40 वर्ष से अधिक उम्र की अविवाहित महिलाओं की संख्या 1 लाख से अधिक बताई जा रही है।
कैसे मिलेगा लाभ?
महिला एवं बाल विकास मंत्री लक्ष्मी राजवाड़े ने बताया है कि योजना का दायरा बढ़ाने के बाद अविवाहित महिलाओं के लिए अलग से पोर्टल खोला जाएगा। पोर्टल खुलते ही पात्र महिलाएं ऑनलाइन पंजीकरण कर सकेंगी। हालांकि अविवाहित महिलाओं के लिए अंतिम पात्रता शर्तें और जरूरी दस्तावेज अभी सरकार द्वारा तय किए जाने बाकी हैं। विभागीय स्तर पर आंकड़े मिलने के बाद पूरी प्रक्रिया जारी की जाएगी।
सरकार का क्या है उद्देश्य ?
सरकार का कहना है कि समाज में 40 वर्ष से अधिक उम्र की अविवाहित महिलाओं को आर्थिक रूप से सहारा देने के लिए यह कदम उठाया जा रहा है, ताकि उन्हें भी सामाजिक सुरक्षा और सम्मान मिल सके।
FAQ – महतारी वंदन योजना का बढ़ेगा दायरा
सवाल: महतारी वंदन योजना में अब कौन सी महिलाएं शामिल होंगी ?
अब 40 वर्ष से अधिक उम्र की अविवाहित महिलाओं को भी योजना का लाभ मिलेगा। पहले सिर्फ पात्र विवाहित महिलाओं को लाभ मिलता था।
सवाल: लाभ लेने के लिए क्या करना होगा?
सरकार द्वारा पोर्टल खोले जाने के बाद पात्र अविवाहित महिलाएं उस पर ऑनलाइन पंजीकरण कर सकेंगी। अभी पोर्टल की तारीख तय नहीं हुई है।
सवाल: अविवाहित महिलाओं की पात्रता शर्तें क्या होंगी?
अंतिम पात्रता शर्तें और जरूरी दस्तावेज अभी सरकार द्वारा घोषित किए जाने बाकी हैं। विभाग सर्वे के बाद इन्हें स्पष्ट करेगा।
सवाल: प्रदेश में 40+ अविवाहित महिलाओं की अनुमानित संख्या कितनी है?
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार प्रदेश में 40 वर्ष से अधिक उम्र की अविवाहित महिलाओं की संख्या 1 लाख से अधिक है।
सवाल: इस योजना की घोषणा किसने की?
महिला एवं बाल विकास मंत्री लक्ष्मी राजवाड़े ने महतारी वंदन योजना में अविवाहित महिलाओं को शामिल करने की जानकारी दी है।


