भारत के सबसे अमीर कारोबारी मुकेश अंबानी और गौतम अदाणी का बिजनेस स्कैच
हुरुन इंडिया लिस्ट 2026 के अनुसार देश के सबसे मूल्यवान कारोबारी परिवारों की संपत्ति 138 लाख करोड़ रुपये के पार पहुंची।

Hurun Report 2026: भारत के बड़े कारोबारी परिवारों की दौलत और उनके कारोबार की ताकत एक बार फिर सामने आई है। 2026 की ‘Barclays Private Clients Hurun India Most Valuable Family Businesses List’ में मुकेश अंबानी का परिवार सबसे अमीर कारोबारी परिवार बनकर शीर्ष पर कायम है। रिपोर्ट के मुताबिक, अंबानी परिवार की कुल संपत्ति 25.8 लाख करोड़ रुपये आंकी गई है। हालांकि, पिछले आकलन की तुलना में इसमें 8.5 फीसदी की गिरावट दर्ज हुई है।

मुकेश अंबानी के नेतृत्व वाला परिवार देश के सबसे मूल्यवान पारिवारिक कारोबारों की सूची में पहले स्थान पर है। रिलायंस समूह की ऊर्जा, टेलीकॉम, रिटेल और डिजिटल कारोबार में मजबूत मौजूदगी ने अंबानी परिवार की कारोबारी स्थिति को मजबूत बनाए रखा है। इसके बावजूद संपत्ति में गिरावट यह दिखाती है कि बाजार मूल्यांकन में उतार-चढ़ाव का बड़े कारोबारी समूहों पर भी असर पड़ता है।

पहली पीढ़ी के कारोबारियों में अदाणी सबसे आगे
गौतम अदाणी का परिवार पहली पीढ़ी के कारोबारी परिवारों में सबसे ऊपर है। रिपोर्ट में अदाणी परिवार की संपत्ति 19.6 लाख करोड़ रुपये बताई गई है। इससे भारतीय कारोबार जगत में अदाणी समूह की तेजी से बढ़ी कारोबारी हैसियत का अंदाजा लगाया जा सकता है। एयरटेल के प्रवर्तक सुनील भारती मित्तल का परिवार 12.1 लाख करोड़ रुपये की संपत्ति के साथ तीसरे स्थान पर है। वहीं, कुमार मंगलम बिड़ला का परिवार 8.14 लाख करोड़ रुपये की संपत्ति के साथ चौथे पायदान पर है।

See also  नेशनल हेराल्ड मामला : ईडी ने फिर सोनिया गांधी जारी किया समन, 23 जून को पेश होने को कहा

जिंदल परिवार ने जोड़े 3.3 लाख करोड़ रुपये
रिपोर्ट में जिंदल परिवार की संपत्ति वृद्धि भी खास तौर पर सामने आई है। पिछले तीन वर्षों में परिवार ने करीब 3.3 लाख करोड़ रुपये का मूल्य जोड़ा। इसके साथ उनकी कुल संपत्ति लगभग 8.02 लाख करोड़ रुपये पहुंच गई। रिपोर्ट के मुताबिक, यह करीब 70 फीसदी की वृद्धि है। हालिया विश्लेषण में भी जिंदल परिवार को सबसे बड़े मूल्य सृजकों में शामिल किया गया है।

आहूजा और गरवारे परिवार की तेज छलांग
संपत्ति बढ़ाने के मामले में कुछ अपेक्षाकृत छोटे कारोबारी परिवारों ने भी बड़ी छलांग लगाई है। शाही एक्सपोर्ट्स के आहूजा परिवार की संपत्ति तीन वर्षों में 352 फीसदी बढ़कर 37,500 करोड़ रुपये पहुंच गई। वहीं, गरवारे हाई-टेक फिल्म्स से जुड़े शशिकांत भालचंद्र गरवारे परिवार की संपत्ति में करीब 300 फीसदी की वृद्धि दर्ज की गई और यह 15,600 करोड़ रुपये तक पहुंच गई। इस परिवार ने रैंकिंग में 61 स्थान की छलांग भी लगाई।

See also  गौतम अदाणी टॉप-10 अमीरों की सूची से बाहर, तीन दिन में 34 अरब डॉलर का नुकसान

300 परिवारों की ताकत कितनी बड़ी?
हुरुन के अनुसार, भारत के शीर्ष 300 पारिवारिक कारोबारों का संयुक्त मूल्य करीब 1.46 ट्रिलियन डॉलर यानी लगभग 138 लाख करोड़ रुपये है। रिपोर्ट में कहा गया है कि इन कारोबारी परिवारों ने पिछले दो वर्षों में हर दिन औसतन 4,076 करोड़ रुपये का मूल्य जोड़ा। यह आंकड़ा भारतीय अर्थव्यवस्था में पारिवारिक कारोबारों की बढ़ती भूमिका को दिखाता है। भारी उद्योग, इंजीनियरिंग और मैन्युफैक्चरिंग जैसे पारंपरिक क्षेत्रों में मूल्य सृजन मजबूत रहने की बात भी 2026 की रिपोर्ट से जुड़े विश्लेषणों में सामने आई है।

भारत के प्रमुख कारोबारी परिवार

  • मुकेश अंबानी परिवार – 25.8 लाख करोड़ रुपये
  • गौतम अदाणी परिवार -19.6 लाख करोड़ रुपये
  • सुनील भारती मित्तल परिवार – 12.1 लाख करोड़ रुपये
  • कुमार मंगलम बिड़ला परिवार – 8.14 लाख करोड़ रुपये
  • जिंदल परिवार – 8.02 लाख करोड़ रुपये

नवीन कुमार साहू को पत्रकारिता और डिजिटल मीडिया के क्षेत्र में 5 वर्ष से अधिक का अनुभव है। उन्होंने कुशाभाऊ ठाकरे पत्रकारिता एवं जनसंचार विश्वविद्यालय से Bachelor of Science (Electronic Media) और Master of Science (Electronic Media) की डिग्री हासिल की है। उन्होंने राजधानी रायपुर के कई प्रतिष्ठित मीडिया संस्थानों के साथ काम किया है। उन्हें छत्तीसगढ़, राष्ट्रीय समाचार, राजनीति, शिक्षा, सरकारी योजनाओं, कारोबार, तकनीक और लाइफस्टाइल से जुड़े विषयों पर लेखन का अनुभव है। वे तथ्यपरक, विश्वसनीय और SEO-अनुकूल समाचार एवं लेख तैयार करने में विशेषज्ञता रखते हैं। उनका उद्देश्य पाठकों तक सटीक और उपयोगी जानकारी सरल भाषा में पहुंचाना है।