राजनांदगांव में ED की दबिश के दौरान सुरक्षा में तैनात पुलिस बल
राजनांदगांव में गुरुवार तड़के ED की टीम ने तीन ठिकानों पर जांच शुरू की।

ED Raid: प्रवर्तन निदेशालय (ED) की टीम ने गुरुवार तड़के राजनांदगांव में कई ठिकानों पर एक साथ दबिश दी। जानकारी के मुताबिक भोपाल और रायपुर से पहुंची ईडी की अलग-अलग टीमों ने शहर से लगे तीन स्थानों पर कार्रवाई शुरू की।

इनमें सत्यम विहार कॉलोनी स्थित नाहटा ग्रुप से जुड़े प्रतिष्ठान और कामठी लाइन स्थित भंसाली किराए भंडार शामिल हैं।

सुबह करीब 6 बजे पहुंची ED की टीम
बताया जा रहा है कि ईडी के अधिकारी सुबह करीब 6 बजे राजनांदगांव पहुंचे और इसके बाद संबंधित परिसरों में जांच शुरू की। कार्रवाई के दौरान अधिकारियों ने दस्तावेजों और वित्तीय लेन-देन से जुड़े रिकॉर्ड की जांच की। सुरक्षा व्यवस्था के मद्देनजर संबंधित ठिकानों के बाहर पुलिस बल भी तैनात रहा।

DMF मामले से जुड़ी बताई जा रही कार्रवाई

सूत्रों के अनुसार, ईडी की यह कार्रवाई डीएमएफ से जुड़े मामले की जांच के सिलसिले में बताई जा रही है। हालांकि, अभी तक जांच एजेंसी की ओर से कार्रवाई के कारण या जांच के दायरे को लेकर कोई आधिकारिक जानकारी सामने नहीं आई है।

See also  पार्क रेसीडेंसी फ्लैट में बेखौफ खुलेआम चल रहा हुक्का बार, कई रसूखदार व उद्योगपतियों का है आना-जाना, पुलिस में शिकायत

अक्टूबर 2025 में भी हुई थी कार्रवाई

बता दें कि नाहटा और भंसाली से जुड़े इन ठिकानों पर अक्टूबर 2025 में भी ईडी की टीम कार्रवाई कर चुकी है। वर्तमान कार्रवाई को लेकर शहर में सुबह से ही चर्चा का माहौल है। फिलहाल तीनों स्थानों पर जांच जारी है। ईडी की ओर से आधिकारिक बयान जारी होने के बाद ही छापेमारी की वजह स्पष्ट हो सकेगी।