Raipur Independence Day Parade: रायपुर। राजधानी रायपुर के पुलिस परेड ग्राउंड में 15 अगस्त को होने वाले स्वतंत्रता दिवस के मुख्य समारोह की तैयारियां लगभग पूरी हो गई हैं। गुरुवार को फाइनल ड्रेस रिहर्सल आयोजित की गई, जिसमें 17 प्लाटून ने मार्च पास्* का अभ्यास किया। स्वतंत्रता दिवस के मुख्य समारोह में मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ध्वजारोहण करेंगे। राज्य स्तरीय समारोह में केंद्रीय सुरक्षा बलों के साथ छत्तीसगढ़ सशस्त्र बल, जिला पुलिस, जेल पुलिस, नगर सेना और एनसीसी की टुकड़ियां शामिल होंगी। परेड के अलावा डॉग शो, हॉर्स शो और स्कूली बच्चों की सांस्कृतिक प्रस्तुतियां भी कार्यक्रम का हिस्सा रहेंगी।

अधिकारियों ने व्यवस्थाओं का लिया जायजा

फाइनल रिहर्सल के दौरान प्रदेश के पुलिस महानिदेशक अरुण देव गौतम, एडीजी विवेकानंद सिन्हा, पुलिस आयुक्त संजीव शुक्ला और कलेक्टर डॉ. गौरव सिंह ने पुलिस परेड ग्राउंड पहुंचकर तैयारियों का निरीक्षण किया। अधिकारियों ने सुरक्षा व्यवस्था, मंच, परेड, यातायात और अन्य व्यवस्थाओं की जानकारी ली और संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

See also  पाकिस्तान के प्रधानमंत्री इमरान खान ने पाक संसद में आतंकी ओसामा बिन लादेन को बताया शहीद

रिहर्सल में मुख्यमंत्री के सुरक्षा अधिकारी हरीश तिवारी मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। उन्होंने ध्वजारोहण के बाद परेड का निरीक्षण किया और मार्च पास्ट की सलामी ली। मुख्य समारोह की तर्ज पर सभी कार्यक्रमों का अभ्यास कराया गया, ताकि 15 अगस्त को आयोजन में किसी तरह की अव्यवस्था न हो।

29 जुलाई से चल रही थी परेड की तैयारी

परेड की तैयारी 29 जुलाई से शुरू हुई थी। जवानों और विभिन्न दलों ने लगातार अभ्यास किया। फाइनल ड्रेस रिहर्सल में पूरी परेड को उसी क्रम और स्वरूप में कराया गया, जिस तरह स्वतंत्रता दिवस के दिन मुख्य समारोह में किया जाएगा। परेड प्रभारी सूरज सिंह परिहार ने बताया कि राज्य स्तरीय आयोजन होने के कारण परेड और अन्य प्रस्तुतियों के लिए विशेष अभ्यास कराया गया है। 15 अगस्त को मार्च पास्ट के बाद मुख्यमंत्री का संबोधन होगा। इसके बाद मेडल सेरेमनी, डॉग शो, हॉर्स शो और स्कूली बच्चों की सांस्कृतिक प्रस्तुतियां होंगी।

See also  छत्तीसगढ़ के इस स्कूल में कोरोना विस्फोट, 18 छात्राएं संक्रमित सभी स्कूल में ही आइसोलेट…

केंद्रीय बलों समेत 17 प्लाटून होंगी शामिल

परेड में सीमा सुरक्षा बल (BSF), केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल (CRPF), भारत-तिब्बत सीमा पुलिस (ITBP), केंद्रीय औद्योगिक सुरक्षा बल (CISF), सशस्त्र सीमा बल (SSB)*और बिहार पुलिस की टुकड़ियां शामिल होंगी। इसके अलावा छत्तीसगढ़ सशस्त्र बल की पुरुष और महिला टुकड़ियां, छत्तीसगढ़ पुलिस पुरुष दल, जेल पुलिस, नगर सेना की पुरुष और महिला टुकड़ियां तथा एनसीसी की बालक-बालिका टुकड़ियां भी मार्च पास्ट में हिस्सा लेंगी। घुड़सवार दल, डॉग स्क्वॉड और बैंड प्लाटून भी परेड का हिस्सा होंगे। महिला बैगपाइपर बैंड की ओर से आरक्षक सोनबती ठाकुर के नेतृत्व में मार्चिंग प्रस्तुति दी जाएगी। कार्यक्रम स्थल पर आने वाले लोगों की सुरक्षा, भीड़ नियंत्रण और यातायात व्यवस्था के लिए अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया है।