CG TOP 5: छत्तीसगढ़ में आज की 5 बड़ी खबरों में पत्नी की हत्या के मामले में 75 वर्षीय बुजुर्ग को मिली उम्रकैद से लेकर ट्रेन में करीब 2 करोड़ रुपये के विदेशी सोने की बरामदगी तक कई अहम खबरें शामिल हैं।
वहीं, रायपुर में स्वतंत्रता दिवस समारोह की तैयारियां पूरी हो गई हैं और मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ध्वजारोहण करेंगे। इसके अलावा 18 साल पुराने शिक्षाकर्मी भर्ती मामले में EOW ने 38 आरोपियों के खिलाफ करीब 1500 पन्नों का चालान पेश किया है।
1. 75 साल की उम्र में मिली उम्रकैद
रायपुर कमिश्नरेट के अभनपुर थाना क्षेत्र के ग्राम सातपारा में चार साल पहले हुई पत्नी की हत्या के मामले में चतुर्थ अपर सत्र न्यायाधीश बृजेश राय की अदालत ने 75 वर्षीय खोरबाहरा बंजारे को आजीवन कारावास की सजा सुनाई है। घटना 28 मई 2022 की रात की है। आरोपी और उसकी पत्नी रेवती बाई घर में अकेले थे। आरोपी ने पत्नी से शारीरिक संबंध बनाने की इच्छा जताई थी। पत्नी के मना करने के बाद दोनों के बीच विवाद हुआ।
2. सरकारी राशि के गबन में सरपंच, सचिव और पंच पति पर चालान
जनपद पंचायत बैकुंठपुर के ग्राम पंचायत टेंगनी में मूलभूत मद की शासकीय राशि के गबन के मामले में सरपंच, सचिव और पंच पति के खिलाफ चालान पेश किया गया है। शेड निर्माण के लिए सामग्री आपूर्ति के नाम पर पंच के पति के निजी बैंक खाते में 1.50 लाख रुपये का भुगतान किया गया था।
3. 15 अगस्त की तैयारियां पूरी, 17 प्लाटून ने किया मार्च पास्ट
रायपुर के पुलिस परेड ग्राउंड में स्वतंत्रता दिवस के मुख्य समारोह की तैयारियां पूरी हो गई हैं। गुरुवार को फाइनल ड्रेस रिहर्सल में 17 प्लाटून ने मार्च पास्ट का अभ्यास किया। 15 अगस्त को मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ध्वजारोहण करेंगे। समारोह में केंद्रीय सुरक्षा बलों के साथ छत्तीसगढ़ सशस्त्र बल, जिला पुलिस, जेल पुलिस, नगर सेना और एनसीसी की टुकड़ियां शामिल होंगी। कार्यक्रम में डॉग शो, हॉर्स शो और स्कूली बच्चों की सांस्कृतिक प्रस्तुतियां भी होंगी।
4. 18 साल पुराने भर्ती घोटाले में 1500 पन्नों का चालान
18 साल पुराने खैरागढ़ शिक्षाकर्मी वर्ग-3 भर्ती अनियमितता मामले में EOW ने बड़ी कार्रवाई की है। एजेंसी ने स्क्रीनिंग कमेटी के दो सदस्यों और 36 चयनित अभ्यर्थियों समेत कुल 38 आरोपियों के खिलाफ करीब 1500 पन्नों का चालान पेश किया है। यह चालान राजनांदगांव स्थित विशेष न्यायालय भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम में पेश किया गया है।
5. दुरंतो एक्सप्रेस में 2 करोड़ का विदेशी सोना बरामद
हावड़ा-मुंबई दुरंतो एक्सप्रेस में RPF क्राइम ब्रांच ने करीब 1.24 किलो विदेशी सोना बरामद किया है। इसकी कीमत करीब 1 करोड़ 96 लाख 34 हजार 307 रुपये आंकी गई है। कार्रवाई रायपुर और नागपुर RPF क्राइम ब्रांच ने की। मामले में दो संदिग्धों को गिरफ्तार किया गया है।


