किसान परेशान: खाद की कमी को लेकर पंचायत मंत्री टीएस सिंहदेव और कृषि मंत्री रविंद्र चौबे आमने-सामने, पत्र लिखकर कहा- मंत्री जल्द दूर करें समस्या

अंबिकापुर/रायपुर। सरगुजा जिले में यूरिया एवं एनपीके, डीएपी खाद की कमी की वजह से किसानों को हो रही परेशानी को लेकर अंबिकापुर विधायक एवं प्रदेश के स्वास्थ्य एवं पंचायत मंत्री टीएस सिंहदेव व कृषि मंत्री रविन्द्र चौबे आमने सामने आ गए हैं। स्वास्थ्य एवं पंचायत मंत्री टीएस सिंहदेव ने कृषि मंत्री रविंद्र चौबे को खाद की कमी से जूझ रहे किसानों की समस्या से अवगत कराते हुए पत्र लिखा है कि किसानों को खाद की कमी से परेशानी हो रही है, उनकी समस्याओं का जल्द समाधान किया जाना चाहिए।

बता दें कि इससे पहले भी मंत्री सिंहदेव ने 28 मई को कृषि मंत्री रविन्द्र चौबे को पत्र लिख कर सरगुजा के लिए निर्धारित किए गए यूरिया एवं एनपीके, डीएपी खाद के लक्ष्य को कम बताते हुए बढ़ाने की मांग की थी। मांग के अनुरूप लक्ष्य को नहीं बढ़ाने से सरगुजा में इसकी कमी देखी जा रही है,इससे किसानों की परेशानी और खाद के लिए संघर्ष करना पड़ रहा है। पत्र में उन्होंने कहा है कि किसान खेती के इस सीजन में परेशान न हो इसलिए तत्काल मांग अनुसार एनपीके एवं यूरिया की व्यवस्था किया जाना आवश्यक होगा।

See also  देवेंद्र यादव ने सफेद झंडा पैर के पास रखकर समाज की भावनाओं का अपमान किया- गुरु खुशवंत

कृषि विभाग के आंकड़ों के अनुसार सरगुजा में खरीफ फसलों का कुल रकबा 1 लाख 65 हजार के आसपास है किंतु लक्ष्य के अनुसार आवंटन कम होने से किसानों के पास खाद का संकट है। कालाबाज़ारी एवं किसानों की समस्या को कम करने सरगुजा में मांग अनुसार यूरिया और एनपीके की मात्रा बढ़ाया जाना अति आवश्यक है।

लक्ष्य से यूरिया के 7000 टन और एनपीके 4000 टन कम आवंटन से किसान परेशान

पंचायत मंत्री ने पत्र में कहा है कि 2020 की तुलना में यूरिया 7000 टन कम जबकि एनपीके 4000 टन कम है, जो कि किसानों के लिए परेशानी का सबब है। इस पर तत्काल कार्यवाही करते हुए निर्धारित लक्ष्य को मांग अनुसार बढ़ायेंगे तभी किसानों की समस्या का निदान होगा, अन्यथा किसानों को फसलों में काफी नुकसान उठाना पड़ेगा।

व्यवस्था में जुटे कलेक्टर, खाद दुकानों में शुरु की गई टोकन व्यवस्था

कलेक्टर संजीव कुमार झा के निर्देशानुसार किसानों को खाद बीज लेने में सुविधा को दृष्टिगत रखते हुए सभी दुकानों में टोकन की व्यवस्था कराई गई है जिससे अब दुकानों में किसानों को खाद लेने में सुविधा हो रही है। एसडीएम साहू ने बताया कि किसानों को खाद लेने में दिक्कत न हो तथा कोरोना संक्रमण से बचाव हेतु सोशल डिस्टेंसिंग का अनुपालन कराने के लिए शहर के सभी उवर्रक दुकानो में राजस्व अधिकारियों की ड्यूटी लगाई गई है।

See also  जहां चाह-वहां राह: पहले सोचते थे कौन खरीदेगा, अब गोठान में खाद की डिमांड बढ़ी तो इनके चेहरे पर खिली मुस्कान

दुकानों में टोकन सिस्टम से यूरिया का वितरण कराया जा रहा है। उन्होंने यह भी बताया है कि नोडल अधिकारी यह सुनिश्चित करेंगे कि यदि मौके पर कोई विशेष खाद उपलब्ध न हो तो वे कृषकों को प्रात: 6 बजे खाद उपलब्धता की जानकारी देंगे ताकि अव्यवस्था न फैले। एसडीएम ने जानकारी दी है कि यदि कृषक द्वारा मांग की गई विशेष खाद मौके पर उपलब्ध न हो तो, नोडल अधिकारी कृषि विभाग से संपर्क कर संभावित तारीख से कृषकों को अवगत कराएंगे।

Hindi News के लिए जुड़ें हमारे साथ हमारे फेसबुक, ट्विटरटेलीग्राम और वॉट्सएप पर

रंजना वर्मा पत्रकारिता और डिजिटल मीडिया से जुड़ी अनुभवी न्यूज राइटर हैं। उन्होंने देवी अहिल्या विश्वविद्यालय, इंदौर से मास्टर ऑफ मास कम्युनिकेशन की शिक्षा प्राप्त की है। रायपुर के प्रतिष्ठित मीडिया संस्थानों में काम करते हुए उन्होंने छत्तीसगढ़ और देश से जुड़े समसामयिक मुद्दों के साथ राजनीति, शिक्षा, सरकारी योजनाओं, कारोबार, तकनीक और लाइफस्टाइल जैसे विषयों पर लेखन किया है। समाचार लेखन के साथ SEO आधारित कंटेंट तैयार करने में भी उनकी अच्छी पकड़ है। सरल भाषा में तथ्यों को प्रभावी ढंग से प्रस्तुत करना और पाठकों तक विश्वसनीय जानकारी पहुंचाना उनकी लेखन शैली की प्रमुख विशेषता है।