NSUI की सदस्यता लेने से छात्र ने मना किया तो दूसरे छात्र ने मारा चाकू, कल्याण कॉलेज कैंपस में हंगामा

भिलाई। भिलाई के कल्याण कॉलेज में बीते दिन को छात्रों के दो गुटों में जमकर विवाद हो गया। विवाद इतना बढ़ा कि मारपीट के बाद बात चाकूबाजी तक पहुंच गई। यह झगड़ा एनएसयूआई के मेंबरशिप को लेकर होना बताया जा रहा है।

सदस्यता को लेकर हुआ विवाद में पहले मारपीट शुरू हुई फिर बीकॉम तृतीय वर्ष के छात्र ने प्रथम वर्ष के छात्र पर चाकू से हमला कर दिया। इससे छात्र घायल हो गया है। इसके बाद कॉलेज परिसर में कई घंटे तक हंगामा होता रहा। पुलिस ने दोनों पक्षों की शिकायत पर काउंटर अपराध दर्ज किया है।

भिलाई नगर टीआई एमएल शुक्ला ने बताया कि सेक्टर-7 निवासी बीकॉम प्रथम वर्ष का छात्र अमर मिश्रा मंगलवार सुबह अपने बड़े भाई अविनाश कुमार मिश्रा के साथ कॉलेज पहुंचा था। कुछ देर बाद ही वहां बीकॉम तृतीय वर्ष का छात्र प्रदीप सिंह अपने साथियों के साथ पहुंचा। उसने अमर को एनएसयूआई की सदस्यता ने को कहा तो अमर ने मना कर दिया।

See also  नगरीय निकाय चुनाव 2021 Live Update : हर निकाय की पहली अपडेट सबसे पहले TRP पर

इस पर प्रदीप सिंह और उसके साथियों ने उसके ऊपर सदस्यता के लिए दबाव बनाना शुरू कर दिया। जब अमर ने उनकी बात नहीं मानी तो वह लोग मारपीट करने पर उतारू हो गए। प्रदीप ने अपने पास रखा चाकू निकाला और अमर पर हमला कर दिया।

चाकू लगने से अमर के कमर के नीचे के हिस्से में चोट आई है। घटना के बाद उसे अस्पताल ले जाया गया। खबर लगते ही पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रित किया।

पुलिस ने घायल अमर कुमार मिश्रा की शिकायत पर प्रदीप सिंह, आयुष झा और अभिषेक सिंह के खिलाफ धारा 294, 324, 323, 506बी और 34 के तहत प्रकरण दर्ज किया। वहीं प्रदीप सिंह की शिकायत पर अमर कुमार मिश्रा व दो अन्य के खिलाफ धारा 323, 294, 506, 34 के तहत मामला दर्ज किया है।