Parliament Session: अमेरिका से निर्वासित किए गए 104 भारतीयों के मुद्दे पर संसद में आज भारी हंगामा हुआ। विपक्षी दलों ने इस मुद्दे को लेकर केंद्र सरकार पर निशाना साधा। बता दें कि बुधवार को अमेरिकी सेना का एक विमान इन भारतीय नागरिकों को लेकर अमृतसर पहुंचा था। कांग्रेस ने दावा किया कि अमेरिका से भेजे गए लोगों को हथकड़ियां और बेड़ियां पहनाई गई थीं, जिससे उनके साथ अमानवीय व्यवहार हुआ।

संसद में विपक्ष का जोरदार विरोध

कांग्रेस महासचिव के.सी. वेणुगोपाल, सपा सांसद धर्मेंद्र यादव, कांग्रेस सांसद गुरजीत सिंह समेत कई विपक्षी नेताओं ने संसद में हथकड़ियां पहनकर विरोध प्रदर्शन किया और सरकार से जवाब मांगा।

प्रियंका गांधी की तीखी प्रतिक्रिया

कांग्रेस सांसद प्रियंका गांधी ने इस घटना पर नाराजगी जताते हुए कहा, “बहुत सी बातें कही गईं कि राष्ट्रपति ट्रंप और पीएम मोदी बहुत अच्छे दोस्त हैं। फिर पीएम मोदी ने ऐसा क्यों होने दिया? क्या हम उन्हें सम्मानजनक तरीके से वापस लाने के लिए अपना विमान नहीं भेज सकते थे? क्या भारतीय नागरिकों के साथ ऐसा व्यवहार किया जाता है कि उन्हें हथकड़ी और बेड़ियां पहनाकर वापस भेजा जाए?”

See also  राष्ट्रपति चुनाव से पहले विपक्ष में पड़ने लगी दरार

‘यह भारत का अपमान है’ – शशि थरूर

कांग्रेस सांसद शशि थरूर ने इस घटना को भारत और भारतीय नागरिकों की गरिमा का अपमान बताया। उन्होंने कहा, अमेरिका को उन लोगों को निर्वासित करने का कानूनी अधिकार है, लेकिन जिस तरह से उन्हें सैन्य विमान में हथकड़ी लगाकर भेजा गया, वह भारत के लिए शर्मनाक है।

विदेश मंत्री एस. जयशंकर का जवाब

विपक्ष के हमलों के बीच विदेश मंत्री एस. जयशंकर ने संसद में स्पष्ट किया कि अमेरिका ने अपने कानूनों के तहत कार्रवाई की है। उन्होंने कहा, यह अमेरिका का आंतरिक मामला है और उन्होंने अपने इमिग्रेशन नियमों के अनुसार कार्रवाई की। हमारी सरकार यह सुनिश्चित करेगी कि भविष्य में भारतीय नागरिकों के साथ उचित व्यवहार किया जाए।