टीआरपी डेस्क। दिल्ली विधानसभा चुनाव में कांग्रेस की करारी हार के बाद पार्टी के पूर्व नेता आचार्य प्रमोद कृष्णम ने राहुल गांधी पर बड़ा हमला बोला है। उन्होंने कांग्रेस के खराब प्रदर्शन के लिए वायनाड सांसद राहुल गांधी को जिम्मेदार ठहराया।

हरियाणा के कुरुक्षेत्र में रविवार को आचार्य कृष्णम ने कहा कि कांग्रेस की सबसे बड़ी समस्या राहुल गांधी ही हैं। उन्होंने कहा, “जब तक राहुल गांधी हैं, कांग्रेस का कुछ नहीं हो सकता। कांग्रेस को बचाया नहीं जा सकता और राहुल गांधी को कांग्रेस से हटाया नहीं जा सकता। दोनों एक-दूसरे के पूरक हैं और कांग्रेस की बर्बादी इसी वजह से हो रही है, क्योंकि नेतृत्व अपरिपक्व है।”

आचार्य प्रमोद कृष्णम ने कांग्रेस नेताओं पर सनातन धर्म विरोधी होने का भी आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि राहुल गांधी की टीम में नौसिखिए और सनातन विरोधी लोग शामिल हैं, और जो भी सनातन का विरोध करेगा, वह भारत की राजनीति में प्रासंगिक नहीं रह पाएगा।

See also  सभी वर्ग का आशीर्वाद कांग्रेस के साथ : भूपेश

दिल्ली में कांग्रेस का सूपड़ा साफ

2015 और 2020 की तरह 2025 के दिल्ली विधानसभा चुनाव भी कांग्रेस के लिए बेहद खराब साबित हुए। 70 सीटों पर उतरी कांग्रेस को एक भी सीट नहीं मिली, जबकि पार्टी के 67 उम्मीदवारों की जमानत जब्त हो गई। संदीप दीक्षित, अलका लांबा और कृष्णा तीरथ जैसे दिग्गज भी हार गए।

AAP भी सत्ता से बाहर, बीजेपी की 27 साल बाद वापसी

दिल्ली में आम आदमी पार्टी (AAP) को भी करारा झटका लगा। पार्टी को सत्ता गंवानी पड़ी, जबकि मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल, पूर्व डिप्टी सीएम मनीष सिसोदिया और मंत्री सौरभ भारद्वाज को भी हार का सामना करना पड़ा। इस चुनाव में भारतीय जनता पार्टी (BJP) ने दो दशक से ज्यादा समय के बाद दिल्ली में सत्ता में वापसी की, जिससे दिल्ली की राजनीति में बड़ा बदलाव देखने को मिला।

रंजना वर्मा पत्रकारिता और डिजिटल मीडिया से जुड़ी अनुभवी न्यूज राइटर हैं। उन्होंने देवी अहिल्या विश्वविद्यालय, इंदौर से मास्टर ऑफ मास कम्युनिकेशन की शिक्षा प्राप्त की है। रायपुर के प्रतिष्ठित मीडिया संस्थानों में काम करते हुए उन्होंने छत्तीसगढ़ और देश से जुड़े समसामयिक मुद्दों के साथ राजनीति, शिक्षा, सरकारी योजनाओं, कारोबार, तकनीक और लाइफस्टाइल जैसे विषयों पर लेखन किया है। समाचार लेखन के साथ SEO आधारित कंटेंट तैयार करने में भी उनकी अच्छी पकड़ है। सरल भाषा में तथ्यों को प्रभावी ढंग से प्रस्तुत करना और पाठकों तक विश्वसनीय जानकारी पहुंचाना उनकी लेखन शैली की प्रमुख विशेषता है।