बिलासपुर। गुरु घासीदास केंद्रीय विश्वविद्यालय (GGU) में आयोजित एनएसएस शिविर के दौरान जबरन नमाज पढ़वाने के विवाद में पुलिस ने सख्त कार्रवाई करते हुए तत्कालीन एनएसएस प्रभारी प्रो. दिलीप झा को गिरफ्तार कर लिया है। इस मामले में उनके अलावा आठ अन्य कार्यक्रम अधिकारियों के खिलाफ भी एफआईआर दर्ज की गई है।

यह कार्रवाई बिलासपुर एसएसपी रजनेश सिंह के निर्देश पर की गई। कोटा थाना पुलिस द्वारा दिलीप झा को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू की गई है। सूत्रों के अनुसार, अन्य नामजद अधिकारियों पर भी जल्द कार्रवाई की संभावना जताई जा रही है।

यह मामला 26 मार्च से 1 अप्रैल 2025 के बीच कोटा क्षेत्र के ग्राम शिवतराई में आयोजित सात दिवसीय एनएसएस कैंप से जुड़ा है। शिविर में कुल 159 छात्र शामिल थे, जिनमें 4 छात्र मुस्लिम समुदाय से थे। आरोप है कि 31 मार्च, ईद के दिन, हिंदू छात्रों को जबरन नमाज पढ़वाई गई थी।

इस घटना के बाद एबीवीपी और विभिन्न हिंदू संगठनों ने विश्वविद्यालय परिसर में जमकर विरोध प्रदर्शन किया। जनदबाव के चलते विश्वविद्यालय प्रशासन ने तत्काल प्रभाव से दिलीप झा को एनएसएस समन्वयक पद से हटा कर प्रो. राजेंद्र कुमार मेहता को नया प्रभारी नियुक्त किया। साथ ही 12 कार्यक्रम अधिकारियों को भी हटाया गया।

See also  CG News: IFS मयंक अग्रवाल प्रतिनियुक्ति पर मंत्रालय लाए गए, सुशासन एवं अभिसरण विभाग में संयुक्त सचिव के साथ चिप्स के सीओओ की मिली जिम्मेदारी, देखें आदेश

अब पुलिस की इस गिरफ्तारी ने मामले को और गंभीर दिशा दे दी है। धार्मिक स्वतंत्रता के उल्लंघन और जबरन धार्मिक गतिविधियों में शामिल कराने जैसे आरोपों के चलते आगे और भी गिरफ्तारियां हो सकती हैं।