रायपुर। छत्तीसगढ़ के जगदलपुर में बस्तर पुलिस ने साइबर ठगी के एक बड़े मामले का खुलासा करते हुए दो आरोपियों को नोएडा से गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपियों को जगदलपुर लाकर पूछताछ की जा रही है।

ऐसे रची गई ठगी की साजिश

जानकारी के मुताबिक, जगदलपुर निवासी एक सेवानिवृत्त बैंक अधिकारी को कॉल कर उनके बीमा प्रीमियम रिन्युअल के नाम पर झांसे में लिया गया। फोन करने वाले ने कहा कि रिन्युअल शुल्क जमा करते ही उनका प्रीमियम सक्रिय हो जाएगा और उन्हें एकमुश्त राशि भी मिलेगी। इस बहाने से अधिकारी को एक बैंक अकाउंट नंबर दिया गया, जिसमें उन्होंने किस्तों में पैसे ट्रांसफर करना शुरू कर दिया।

21 लाख रुपये हड़प लिए

काफी समय तक प्रीमियम रिन्युअल को लेकर कोई प्रतिक्रिया न मिलने पर रिटायर्ड बैंक अधिकारी को ठगी का आभास हुआ। इसके बाद उन्होंने कोतवाली थाना में शिकायत दर्ज करवाई। जांच में सामने आया कि आरोपियों ने उनसे कुल 21 लाख रुपये की ठगी की थी।

See also  CG News: रावतपुरा मेडिकल कॉलेज की मान्यता रद्द, छत्तीसगढ़ में मेडिकल की 150 सीटें होंगी कम

नोएडा में तीन दिन की दबिश के बाद गिरफ्तारी

शिकायत मिलते ही बस्तर पुलिस ने जांच शुरू कर दी और फोन नंबर के आधार पर एक टीम नोएडा भेजी गई। वहां तीन दिन तक कैंप करने के बाद दो आरोपियों को गिरफ्तार कर जगदलपुर लाया गया। पुलिस ने उनके पास से कई मोबाइल फोन, एटीएम कार्ड और एक ‘सीड’ बरामद किया है, जिसमें कई लोगों के नाम और निजी डेटा मौजूद है।

पूछताछ जारी, अन्य आरोपियों की तलाश में पुलिस

बस्तर एसपी ने बताया कि दोनों आरोपियों से पूछताछ की जा रही है और बरामद उपकरणों की भी गहन जांच की जा रही है। पुलिस इस मामले में शामिल अन्य आरोपियों की तलाश में भी जुट गई है।

रंजना वर्मा पत्रकारिता और डिजिटल मीडिया से जुड़ी अनुभवी न्यूज राइटर हैं। उन्होंने देवी अहिल्या विश्वविद्यालय, इंदौर से मास्टर ऑफ मास कम्युनिकेशन की शिक्षा प्राप्त की है। रायपुर के प्रतिष्ठित मीडिया संस्थानों में काम करते हुए उन्होंने छत्तीसगढ़ और देश से जुड़े समसामयिक मुद्दों के साथ राजनीति, शिक्षा, सरकारी योजनाओं, कारोबार, तकनीक और लाइफस्टाइल जैसे विषयों पर लेखन किया है। समाचार लेखन के साथ SEO आधारित कंटेंट तैयार करने में भी उनकी अच्छी पकड़ है। सरल भाषा में तथ्यों को प्रभावी ढंग से प्रस्तुत करना और पाठकों तक विश्वसनीय जानकारी पहुंचाना उनकी लेखन शैली की प्रमुख विशेषता है।